Pal Pal India

लोकसभा चुनाव तय करेंगे देश में प्रजातंत्र खत्म होगा या बचा रहेगा: सुरजेवाला

 
 लोकसभा चुनाव तय करेंगे देश में प्रजातंत्र खत्म होगा या बचा रहेगा: सुरजेवाला
फतेहाबाद, 23 मार्च कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि मोदी सरकार देश के संविधान और प्रजातंत्र को रौंद रही है। जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को डराने और जेल भेजने का काम मोदी सरकार कर रही है। अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन इसके ताजा उदाहरण हैं। रणदीप सुरजेवाला शनिवार को फतेहाबाद में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव डॉ. विनीत पुनिया के कार्यालय पर आयोजित कार्यकर्ता मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शहीदी दिवस के अवसर पर महान क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
सुरजेवाला ने कहा कि आज वोट की ताकत को कमजोर करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। हिंदुस्तान में वोट के शासन, प्रजातंत्र व संविधान को खत्म करने की तैयार की जा रही है। जांच एजेंसी सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग चुनाव लडऩे की मशीनरी बन गई है। इसी तरह चुनाव आयोग की स्वायत्तता को ही खत्म कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही देश में प्रजातंत्र बचाने की लड़ाई लड़ सकती है। इस बार का लोकसभा चुनाव तय करेगा कि इस देश में प्रजातंत्र खत्म हो जाएगा या बचा रहेगा। सुरजेवाला ने कहा कि मोदी सरकार ने इलेक्टोरल बॉन्ड योजना में भी घोटाले को अंजाम दिया। इलेक्टोरल बॉन्ड योजना से भाजपा वसूली रैकेट चला रही थी। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के समय भी इतने अमीर लोगों का राज नहीं था, जितना आज के समय में है। आज के हिंदुस्तान में कुछ चुनिंदा अरबपतियों के पास सारा पैसा है। भाजपा के लिए कानून, संविधान के मायने नहीं बचे, इसलिए देश में अब संपूर्ण क्रांति की जरूरत है।
हरियाणा की मौजूदा भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए सुरजेवाला ने कहा कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो चुकी है। भाजपा ने अपना मुख्यमंत्री बदलकर पिछले साढ़े नौ सालों की विफलताओं पर पर्दा डालने का प्रयास किया है। पांच साल से जो वह कहते आ रहे थे, वह सच साबित हुआ। चुनाव आते ही भाजपा और जजपा अलग हो गए। ताकि कई पार्टियां मैदान में लड़ें तो भाजपा को चोर दरवाजे से एंट्री मिल सके। विनीत पुनिया ने कहा कि आज सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत करने की ज़रूरत है ताकि देश में लोगों के अधिकारों को सुरक्षित रखा जा सके।