Pal Pal India

हरियाणा में कानून व्यवस्था चौपट, गुंडों का राज कायम,कानून का भय नहीं: चौ. अभय चौटाला

 धर्म-जाति के नाम पर माहौल खराब कर  समाज को बांटने का काम जारी
 
 हरियाणा में कानून व्यवस्था चौपट, गुंडों का राज कायम,कानून का भय नहीं: चौ. अभय चौटाला
  सिरसा, 18 दिसंबर। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक चौ. अभय सिंह चौटाला ने  हरियाणा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आज प्रदेश के अस्पतालों में न तो दवाएं है और न ही डॉक्टर है।  अपराधियों को कानून का खौफ नहीं है, अपराधी बेलगाम होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश पिछड़ता जा रहा है। बेरोजगारों की संख्या बढ़ती जा रही है। सरकार प्रदेश में एक लाख 80 हजार लोगों को नौकरी देने के दावे कर रहे हैं, जबकि हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में न तो युवाओं को रोजगार मिल रहा है और न ही सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता है।
वे वीरवार को तेजाखेड़ा फार्म हाऊस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।  चौ. अभय सिंह चौटाला ने कहा कि सरकार की नीतियों के चलते प्रदेश का युवा हताश और परेशान है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रोजगार के गलत आंकड़े पेश कर जनता को गुमराह कर रहे हैं। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है, अस्पतालों में डॉक्टर नहीं है, दवाएं नहीं है, पेरामेडिकल स्टाफ की कमी है, ये अस्पताल रेफर सेंटर बनकर रह गए है। उन्होंने कहा कि जींद मेडिकल कालेज का तो बुरा हाल है, अस्पतालों से डॉक्टर बुलाकर काम चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा क्षेत्र का भी बुरा हाल है, कालेजों में असिसटेंट प्रोफेसर्स के पद खाली पड़े हुए है। स्कूलों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है, स्कूलों में बच्चे है तो शिक्षक नहीं है और शिक्षक है तो बच्चे नहीं है क्योंकि अभिभावकों का सरकारी स्कूलों से भरोसा उठता जा रहा है।
चौ. अभय चौटाला ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो चुकी है, प्रदेश में अपराधियों का राज दिखाई देता है क्योंकि सरकार अपराधों पर कोई नियंत्रण नहीं रख पा रही है,प्रदेश में फिरोती मांगने की वारदातें बढ़ रहा है, सरेआम गोलियां चलाई जा रही है, दिन दहाड़े हत्याएं की जा रही है, बलात्कार की वारदातें भी बढ़ रही है। प्रदेश में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को धर्म और जाति के नाम पर माहौल खराब किया जा रहा है और समाज को बांटने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीएम ने पेंशन बढ़ाने की घोषणा की थी पर अभी तक पात्रों के खाते में पेंशन नहीं पहुंची है इस प्रकार की झूठी घोषणाएं करना सीएम को शोभा नहीं देता। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता का अभाव है। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण युवा वर्ग हताश और निराश है। 
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि डबवाली और गोहाला को भी जिला घोषित करना चाहिए क्योंकि ये दोनों भी जिला बनने की सभी शर्त पूरी करते है और दोनों स्थानों की जनता काफी समय से जिला बनाए जाने की आवाज उठाते आए है। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए सबसे शर्म की बात तो ये है कि अभी तक बाढ़ का पानी खेतों से नहीं निकला है। बाढ़ में बरबाद हुई फसलों का मुआवजा भी किसानों को अभी तक नहीं मिला है। इससे साफ होता है कि सरकार को किसान हितों की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की जनता  सरकार के प्रति रोष देखा जा रहा है, लोगों को अपने हकों के लिए धरना प्रदर्शन तक करना पड़ रहा है।