Pal Pal India

किरण चौधरी बोलीं-पार्टी का फैसला सिर माथे पर

 
 किरण चौधरी बोलीं-पार्टी का फैसला सिर माथे पर
 भिवानी, 27 अप्रैल। भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से बेटी श्रुति चौधरी की टिकट कटने के बाद मां किरण चौधरी ने समर्थकों की मीटिंग ली। इस मौके पर किरण चौधरी ने कहा कि पार्टी का फैसला सिर माथे पर। पार्टी से बंधे हुए सिपाही हैं। वह पार्टी का झंडा बुलंद करेंगी। उन्होंने कहा का भिवानी जिला बंसीलाल की पहचान है। चाहे दादरी हो या महेंद्रगढ़ या भिवानी, मैंने और श्रुति ने यहां बहुत काम किया है। यह हमारा इलाका है और ये लोग हमारा परिवार हैं। वहीं श्रुति ने कहा कि मैं सर्वे में भी ऊपर थी, लेकिन पार्टी में बहुत सी बातें होती हैं। जो निर्णय लिया उसके हिसाब से काम करेंगे।
राव दान सिंह की मदद के सवाल पर श्रुति ने कहा कि मदद करेंगे। चाहते हैं यहां से सीट निकले। ये सिर्फ चुनाव नहीं इमोशनल इश्यूज भी हैं। ये हलके की लड़ाई का सवाल है। पिता और दादा ने भी ऐसे मोड़ देखे। राजनीतिक रूप से उनको भी रोका गया। ऐसे मोड़ पर संघर्ष करना होता है। सीट बदलने के सवाल पर  श्रुति ने कहा कि अब तो 20 दिन बचे हैं। हमने हलके के विकास के लिए लड़ाई लड़ी। हम पार्टी के लोग हैं। पार्टी के साथ हैं। ये केवल राजनीतिक क्षेत्र नहीं है, इस इलाके से पिता दादा की यादें जुड़ी हैं। परिवार के रूप में प्यार मिला है। मैं हैसियत और क्षमता के मुताबिक लोगों के लिए काम करूंगी। किरण चौधरी बेटी श्रुति के लिए भिवानी से कांग्रेस की टिकट मांग रही थीं। इन्हीं के गुट के रणदीप सिंह सुरजेवाला और कुमारी सैलजा भी श्रुति की टिकट के लिए लगातार हाईकमान से पैरवी कर रहे थे। लेकिन कांग्रेस हाईकमान ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी राव दान सिंह को उम्मीदवार बना दिया।
किरण चौधरी को मनाने के लिए उनके पास जाएंगे राव दान सिंह 
भिवानी-महेंद्रगढ सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी राव दान सिंह को टिकट मिलने के बाद नाराज दिख रही कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री किरण चौधरी को मनाने के लिए खुद राव दान सिंह उनके पास जाएंगे। राव दान सिंह ने कहा कि ये हमारा हक है और हम उनसे मिलने भी जाएंगे। पहले इस सीट से श्रुति चौधरी चुनाव लड़ती रही। हम सबने मिलकर श्रुति के चुनाव को लड़ा है। मैं समझता हूं कि इस चुनाव में श्रुति चौधरी भी कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगी। दरअसल, प्रत्याशी घोषित होने के बाद पहली बार गुरुग्राम से अपने गृह जिले महेंद्रगढ़ जाते वक्त रेवाड़ी में करीब एक दर्जन जगह राव दान सिंह का स्वागत किया गया। राजेश पायलट चौक पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता महाबीर मसानी और युवा नेता रामौतार गुर्जर के नेतृत्व में उनका स्वागत किया गया। दान सिंह ने खुद की टिकट को लेकर कहा कि ये शीर्ष नेतृत्व द्वारा लिया गया फैसला है। केंद्रीय नेतृत्व ने कुछ सोच समझकर ही फैसला लिया होगा। राव दान सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि चौधरी बंसीलाल की विरासत में चाहे महेंद्रा जी, सोमबीर या फिर किरण चौधरी सभी का सहयोग कांग्रेस पार्टी को मिलता रहा है। किरण चौधरी पार्टी की वरिष्ठ नेता है। वो काफी समझदार है। मुझे लगता है कि वो पार्टी को मजबूत करेंगी।