Pal Pal India

कालांवाली नगरपालिका आम चुनाव: 77.85 प्रतिशत मतदान, 30 जून को होगी मतगणना

 
 कालांवाली नगरपालिका आम चुनाव: 77.85 प्रतिशत मतदान, 30 जून को होगी मतगणना
 सिरसा, 29 जून। कालांवाली नगरपालिका के प्रधान और 16 वार्ड सदस्य पद के चुनाव के लिए रविवार को मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। कुल 16161 मतदाताओं में से 77.85 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।

रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम मोहित कुमार ने बताया कि कालांवाली नगरपालिका के आम चुनाव के लिए कुल 17 मतदान केंद्र बनाए गए थे। कुल 16161 मतदाताओं में से 77.85 प्रतिशत मतदाताओं ने मत का प्रयोग किया।
 उन्होंने बताया कि सभी ईवीएम सिरसा स्थित चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा करवाई गई है और यहीं पर 30 जून को सुबह 11 बजे मतगणना कार्य शुरू होगा। उन्होंने चुनाव ड्यूटी में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों, मीडिया बंधुओं व मतदाताओं का सफल मतदान प्रक्रिया में सहयोग के लिए धन्यवाद भी किया।
 अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रहेगी रोक
मतगणना के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मतगणना केंद्र के 500 मीटर के दायरे में अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक रहेगी। केवल ड्यूटी पर तैनात अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के जवान, प्रत्याशी, उनके निर्वाचन एवं गणना एजेंट तथा राज्य चुनाव आयोग या जिला उपायुक्त/रिटर्निंग अधिकारी द्वारा अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। इसके अलावा विजेता उम्मीदवारों को जीत के बाद विजय जुलूस निकालने और पांच या अधिक लोगों के अवैध रूप से एकत्र होने पर भी रोक रहेगी।