Pal Pal India

कैथल: प्लॉट बेचने के नाम पर विधवा महिला से 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी

 
 कैथल: प्लॉट बेचने के नाम पर विधवा महिला से 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी

कैथल, 14 मई। गांव नरड़ के रहने वाले एक व्यक्ति ने कैथल की एक विधवा महिला को प्लाट बेचने के लिए 20 लाख रुपये तो ले लिए लेकिन उसके नाम रजिस्ट्री नहीं करवाई। रजिस्ट्री करवाने के लिए महिला ने बार-बार दबाव डाला तो उसे पता चला कि प्लाट बेचने वाले के नाम उसकी रजिस्ट्री ही नहीं है। उसने कई बार पुलिस में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंत में उसने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फरियाद की। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर सिविल लाइन पुलिस ने गांव नरड़ निवासी कर्मबीर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

महिला का आरोप है कि धोखाधड़ी करने के बाद जबरदस्ती कर्मबीर ने उसके साथ नाजायज संबंध भी बनाए। कैथल की रहने वाली महिला ने सिविल लाइन थाना में दर्ज करवाए गए मामले में कहा है कि उसने एक प्लॉट पट्टी गादड़ कैथल में गांव नरड़ निवासी कर्मबीर से खरीदा था। 18 दिसंबर 2014 को यह प्लॉट 22 लाख 54 हजार 800 रुपये में उसने खरीद किया था। उसने कर्मबीर को 20 लाख रुपये नकद दे दिए थे और प्लॉट की रजिस्ट्री 18 मई 2015 को मुकर्रर हुई थी। उसके बाद भी कर्मबीर ने उक्त प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं करवाई। कर्मबीर को बार-बार कहा, लेकिन वह नहीं माना और टालता रहा। जबकि प्लॉट की मलकियत कर्मबीर की नहीं है।

उसने बहकावे में आकर प्लॉट खरीद लिया। उसने आरोपित को कई बार कहा कि या तो उसके पैसे दे दे या फिर प्लॉट की रजिस्ट्री करवा दे। अभी तक उसने न तो पैसे दिए हैं और न ही प्लॉट की रजिस्ट्री करवाई है। आरोपित कहता है कि पुलिस वाले तो मेरे पैरों की धूल हैं और उसे धमकी देता है। आरोपित ने गुंडों के बल पर उसके साथ नाजायज संबंध भी बनाए हैं। वह कई बार इस विषय पर सिविल लाइन थाने में प्रार्थना पत्र दे चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस संबंध में उसने सीएम विंडो पर भी शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

एसएचओ राजेंद्र कुमार ने बताया कि कर्मबीर के खिलाफ महिला से प्लाट बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच के बाद कर्मबीर की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी।