Pal Pal India

कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान, नेताओं ने ग्रामीणों को बताई केन्द्र सरकार की विफलताएं

भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए एकजुट होकर कांग्रेस के हाथ मजबूत करे जनता : प्रहलाद सिंह 
 
कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान, नेताओं ने ग्रामीणों को बताई केन्द्र सरकार की विफलताएं  

फतेहाबाद, 13 फरवरी। पूर्व संसदीय सचिव एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू किया है। इसके तहत लोगों को केन्द्र सरकार की विफलताओं को बताया जा रहा है और आमजन की ऐसी समस्याओं को लेकर आवाज भी बुलंद की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की चिकनी-चुपड़ी बातों में आकर उसे वोट देने वाली जनता आज अपने आप को ठगा-सा महसूस कर रही है।

कांग्रेस नेता प्रहलाद सिंह सोमवार को हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत गांव बनगांव में आयोजित एक सभा को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले गांव पहुंचने पर पूर्व संसदीय सचिव और अन्य कांग्रेस नेताओं का ग्रामीणों ने फूलमालाओं से स्वागत । इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने ग्रामीणों से बातचीत करते हुए उनकी समस्याओं को जाना और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'नफरत छोड़ो-भारत जोड़ो' का संदेश भी दिया। पूर्व संसदीय सचिव ने कहा कि इस जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए आम जनता को एकजुट होकर कांग्रेस के हाथ मजबूत करने होंगे।

गिल्लाखेड़ा ने कहा कि इस अभियान के तहत जनता से हाथ मिलाकर उन्हें देश में बढ़ती समस्याओं जैसे बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार के संबंध में बताया जा रहा है। यह यात्रा लगभग दो महीने चलेगी, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता हर बूथ पर जाकर लोगों को जागरूक करने के लिए इन मुद्दों से अवगत करवाएंगे। उन्होंने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई ने आम आदम का बजट बिगाड़ कर रख दिया है। पहले गरीब दाल-रोटी खाकर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहा था लेकिन भाजपा राज में आसमान के पहुंचे आटे के दामों ने गरीबों के मुंह से निवाला तक छीन लिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने तानाशाही फरमान जारी कर गरीबों के राशन कार्ड काट दिए। युवाओं को रोजगार देने के नाम पर वोट बटोरने वाली भाजपा राज में प्रदेश बेरोजगारी में नंबर वन बन चुका है। ऐसे में सरकार की नीतियों से परेशान जनता कांग्रेस को फिर सत्ता में लाने को तैयार बैठी है।

इस अवसर पर डॉ. मुख्तयार सिंह सदर, जिला पार्षद गौरव शर्मा, पूर्व जिला पार्षद राममूर्ति बगडिय़ा, युवा कांग्रेस नेता आनन्दवीर सिंह गिलांखेड़ा, इन्द्र सिंह सिंवर, बलवंत सिंह पूर्व सरपंच, मदन देवणा पूर्व ब्लॉक समिति सदस्य, जय सिंह, रिसाल बिजारणिया, भिखाराम झाझड़ा, दीवान ढाका,एडवोकेट पवन झाझड़ा, कृष्ण सिंगला, अमित पुनिया, बलवान फगेडिय़ा सहित भारी संख्या मे उपस्थित थे।