Pal Pal India

जजपा का भाजपा में नहीं होगा विलय: दुष्यंत चौटाला

 दुष्यंत ने दी चेतावनी- अफवाहें फैलाने वालों पर करेंगे कानूनी कार्रवाई
 
  जजपा का भाजपा में नहीं होगा विलय: दुष्यंत चौटाला
चंंडीगढ़, 24 जून  जननायक जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने जजपा के भाजपा में विलय की खबरों को खारिज करते हुए कहा है कि कुछ लोग इस बारे में जानबूझकर अफवाह फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में जजपा का भाजपा में विलय नहीं किया जाएगा।
दरअसल, वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को बहुमत न मिलने पर जजपा ने अपने दस विधायकों के साथ भाजपा को समर्थन दिया था। इसी साल 12 मार्च को अचानक मनोहर लाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया तो यह गठबंधन टूट गया।
हरियाणा में रविवार व सोमवार को कुछ टीवी चैनलों तथा सोशल मीडिया यह खबर छाई रही कि जल्द ही जननायक जनता पार्टी का भाजपा में विलय होने जा रहा है। उस रिपोर्ट में दावा किया गया कि पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की दिल्ली में मीटिंग हो चुकी है। साथ ही राज्यसभा कोटे से दुष्यंत को केंद्र में बड़ा पद और उनके भाई दिग्विजय चौटाला को हरियाणा संगठन में अहम जिम्मेदारी मिल सकती हैं।
इन खबरों के बाद दुष्यंत चौटाला खुद सामने आए और उन्होंने ट्वीट करके इस बारे में साफ किया कि ‘जननायक जनता पार्टी के बारे में एक भ्रामक और आधारहीन खबर एक समाचार पत्र और एक टीवी चैनल पर प्रचारित की गई है। पार्टी ऐसी गलत खबर का पूर्णत: खंडन करती है और खबर फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी नोटिस भेजा जा रहा है।
वहीं दुष्यंत चौटाला ने एक्स पर लिखा कि मैं जजपा से जुड़ी एक बेबुनियाद खबर को कई प्लेटफॉर्म पर गैर-जिम्मेदाराना तरीके से फैलाए जाने से बेहद निराश और गुस्से में हूं। हमारी पार्टी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी। सत्य की जीत होनी ही चाहिए।