Pal Pal India

देश विदेश के जाट 19 मार्च को जुटेंगे पंचकूला में

समाज की कला, शिक्षा, साहित्य व जाट इतिहास पर होगा मंथन 
 
देश विदेश के जाट 19 मार्च को जुटेंगे पंचकूला में 
यमुनानगर, 17 मार्च। जाट संसद प्रतिनिधि अर्जुन सुढैल ने बताया कि जाट संसद के संयोजक? पीएस कलवानिया और अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद के संयोजक रामावतार पलसानियां देश के प्रत्येक जिला मुख्यालय पर जाकर संवाद बैठकों का आयोजन कर समाज बंधुओं को आमंत्रित कर रहे हैं। 
इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद के संयोजक पीएस कलवानियां ने बताया कि जाट समाज वर्तमान समय में विकट दौर से जूझ रहा है। एक वक्त था जब समाज प्रदेशों व केंद्र में सत्ता में होता था। आज हालात इस कदर हो चुके हैं कि देश की कैबिनेट में एक भी जाट समाज का प्रतिनिधि नहीं है इसलिए जाट समाज के युवाओं और बुजुर्गों को सोचने समझने की जरूरत है। समय रहते इन स्थितियों को नहीं समझे तो आने वाले समय में हालात बद से बदतर हो सकते हैं। 
समाज को फिर एकजुट होकर प्रदेश व केंद्र सरकार को एकता की ताकत दिखानी होगी। यही ताकत दिखाने के लिए 19 मार्च को पंचकूला में जाट संसद द्वारा राष्ट्रीय जाट अधिवेशन का आयोजन किया जाएगा। इस भव्य आयोजन में हरियाणा प्रदेश इस बार मेज़बानी की भूमिका में है इसलिए हरियाणा की भागीदारी शत प्रतिशत होनी चाहिए जिससे देश दुनिया में बड़ा संदेश जाए। 
अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद के संयोजक रामावतार पलसानियां ने बताया कि 19 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद द्वारा आयोजित राष्ट्रीय जाट अधिवेशन का ऐतिहासिक आयोजन इंद्रधनुष ऑडिटोरियम, पंचकूला (चंडीगढ़) में किया जाएगा जिसमें देशभर के जाट समाज के लोग समारोह में शिरकत करेंगे।