लौहपुरुष स्व. ओमप्रकाश चौटाला को श्रद्धासुमन अर्पित करने उमड़ा हरियाणा
राजनीतिक दिग्गजों ने स्व. चौटाला को बताया विकास पुरुष, सर्ववर्ग हितैषी
Dec 20, 2025, 14:51 IST

विभिन्न धर्माचार्यों ने भी की स्व. ओमप्रकाश चौटाला की आत्मिक शांति की कामना
सिरसा 20 दिसंबर हरियाणा के पूर्व सीएम स्व. ओमप्रकाश चौटाला की प्रथम पुण्यतिथि पर तेजाखेड़ा फार्म हाउस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया जिसमें हरियाणा पंजाब से अनेक राजनीतिक हस्तियों के साथ-साथ हरियाणाभर से असंख्य लोगों ने लौहपुरुष स्व. ओमप्रकाश चौटाला को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। तेजाखेड़ा फार्म हाउस पर आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला को मुख्य रूप से श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों में इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला, पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम रहे सुखबीर सिंह बादल, पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, हरियाणा के पूर्व वित्तमंत्री रहे प्रो. संपत सिंह, इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, शेर सिंह बड़शामी, पंडित वासुदेव शर्मा, उमेद लोहान, जयवीर गोदारा, प्रकाश भारती, जिला परिषद सिरसा के चेयरमैन कर्ण सिंह चौटाला, इनेलो के डबवाली विधायक आदित्य देवीलाल चौटाला, रानियां से विधायक अर्जुन सिंह चौटाला, इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा, वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप मेहता, इनेलो जिला प्रेस प्रवक्ता महावीर शर्मा सहित तमाम गणमान्यजन मौजूद थे। पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम रहे सुखबीर सिंह बादल व पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री रहे मनप्रीत सिंह बादल ने अपने अपने स्तर पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्व. ओमप्रकाश चौटाला ने ताउम्र गरीब, कमेरे, किसान, युवाओं सहित तमाम वर्गों के हितों के लिए श्रेष्ठ कार्य किया। जब जब भी उन्होंने हरियाणा प्रदेश की कमान बतौर परम सेवक के रूप में संभाली, उन्होंने सदैव हरियाणा की प्रगति और प्रदेशवासियों के हितों से जुड़ी योजनाएं बनाकर उन्हें अमलीजामा पहनाया। उन्होंने कहा कि उनकी प्रथम पुण्यतिथि पर हरियाणा भर से उमड़ी भीड़ उनकी लोकप्रियता का पैमाना है। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने अपने पिता को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे एक कुशल राजनीतिज्ञ होने के साथ-साथ सर्वसमाज के प्रति संवेदनशील व्यक्तित्व थे जिन्होंने सदैव शोषित समाज की पीड़ा को समझकर उन्हें दूर किया। अपने मुख्यमंत्रीकाल के दौरान उन्होंने जितनी दूरदर्शिता व शिद्दत से प्रदेश के कल्याण की योजनाओं को बनाकर उन्हें लागू किया, उसकी ही बदौलत आज भी हरियाणा के सर्वजातीय लोग लाभान्वित हो रहे हैं। हरियाणा के अंतिम छोर पर बसे किसान के खेतों की आखिरी टेल तक सिंचाई पानी का इंतजाम, प्रदेशवासियों की सुरक्षा के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम, खेल व खिलाडिय़ों के लिए नवीन योजनाएं बनाकर उन्हें प्रोत्साहित करना, हरियाणा को कृषि के साथ-साथ औद्योगिक स्तर पर भी विकसित बनाने के लिए अनेकानेक योजनाएं बनाकर उन्हें अमलीजामा पहनाना उनकी दूरदर्शिता का परिणाम था। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए लोककल्याण की भावना के तहत कार्य करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इससे पूर्व विभिन्न धर्माचार्यों ने भी अपने अपने स्तर पर उनकी आत्मिक शांति के लिए प्रभु से कामना की। श्रद्धांजलि सभा के अंत में सभी ने उनके दिखाए मार्ग व सिद्धांतों को अपनाने का संकल्प लिया। बाद में उपस्थितजनों को प्रसाद वितरित किया गया

