Pal Pal India

विधानसभा चुनावों को लेकर इनेलो बनाएगी नया गठबंधन, 5 सदस्यीय कमेटी बनाई : अभय चौटाला

कहा : भाजपा को घर बैठे राज्यसभा सीट देना चाहते हैं हुड्डा 
 
  विधानसभा चुनावों को लेकर इनेलो बनाएगी नया गठबंधन, 5 सदस्यीय कमेटी बनाई : अभय चौटाला
फतेहाबाद, 23 जून इनेलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने कहा कि विधानसभा चुनावों को लेकर इनेलो पूरी तरह तैयार है। इनेलो द्वारा प्रदेश के सभी 22 जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं। बूथ, जोन व हलका स्तर पर कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां लगा दी गई हैं।
वे रविवार को फतेहाबाद की जाट धर्मशाला में जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता इनेलो प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने की। इनेलो जिला प्रधान बलविन्द्र सिंह कैरों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका यहां पहुंचने पर स्वागत किया। कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अभय सिंह चौटाला ने कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जी-जान से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने लोकसभा चुनावों में कार्यकर्ताओं द्वारा की गई मेहनत पर उनकी पीठ थपथपाई। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों में हालात अलग-अलग है। इन चुनावों को लेकर इनेलो एक नया गठबंधन बनाने जा रही है। इसको लेकर प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा के नेतृत्व में 5 सदस्यीय कमेटी बनाई गई है कि जो सामाजिक व राजनैतिक संगटठनों से बात करेगी।
विधानसभा चुनावों में सभी पार्टियां अलग-अलग चुनाव लड़ेंगी।
फतेहाबाद में कांग्रेस में मचेगी जमकर भगदड़
पत्रकार वार्ता के दौरान अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस टिकट वितरण के बाद जमकर भगदड़ मचने वाली है। कांग्रेस की टिकट केवल एक नेता को मिलनी है। जिन नेताओं को टिकट नहीं मिलेगी, वह नेता वहां से भाग लेगा। फतेहाबाद विधानसभा में ही कांग्रेस के करीब 10 उम्मीदवार टिकट की लाइन में है। अगर यहां बलवान सिंह दौलतपुरिया को टिकट नहीं मिली तो सबसे पहले वही भागेगा। डॉ. सिवाच भी टिकट न मिलने पर भागेगा और अगर यहां से प्रहलाद सिंह को टिकट मिलती है तो कांग्रेस का सुपड़ा साफ हो जाएगा। ऐसे हालात कांग्रेस में केवल फतेहाबाद विधानसभा में ही नहीं, पूरे राज्य में है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अगर बलवान सिंह या डॉ. सिवाच इनेलो में आते हैं तो उनका स्वागत है।