Pal Pal India

दो सालों में विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा भारत: सीएम

 
  दो सालों में विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा भारत: सीएम
 रोहतक, 05 मई  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल के पहले दो वर्षों में ही भारत दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत बन जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर घर को पीएम सूर्य योजना से जोडक़र सोलर के माध्यम से फ्री बिजली देने का संकल्प भी लिया है और सरकार लोगों का बिजली बिल जीरो करने का काम करेगी।
रविवार को मुख्यमंत्री बेरी में रोहतक लोकसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार डॉ अरविंद शर्मा के समर्थन में विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की समस्याओं को कम करने का काम किया है और सडक़, रेल तथा हवाई यातायात को सुगम करने का काम किया है। श्री सैनी ने कहा कि झज्जर जिले में एम्स देने का काम बीजेपी की सरकार ने किया है और पिछले दिनों जब प्रधानमंत्री रेवाड़ी में आए थे तो उन्होंने रेवाड़ी में भी एम्स देकर लाखों लोगों को सुगम और घर के नजदीक ही विश्व स्तरीय हैल्थ सेवा दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस के राज में देश केवल भ्रष्टाचार में आगे बढ़ा। वर्तमान भाजपा सरकार ने पारदर्शी सिस्टम दिया है और आज अधिकतर सुविधा घर बैठे मिल रही हैं। मुख्यमंत्री ने सरपंचों का आह्वान किया कि वह गांव और वार्ड के विकास के लिए किसी प्रकार की चिंता ना करें। पैसे की कोई कमी नहीं है। आचार संहिता हटने के बाद गांवों में विकास के काम तेजी से करवाए जाएंगे और कार्यों का सरलीकरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोग चुनाव में झूठ बोलकर लोगों को बरगलाने का काम कर रहे हैं ताकि वोट ले सकें, लेकिन हम सबको कांग्रेस के झूठ से बचना भी है और लोगों को बचाना भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने जहां विकास को गति दी है, वहीं संस्कृति और संस्कार का भी संरक्षण करने का काम किया है। एक देश एक कानून के अंतर्गत धारा 370 को खत्म किया गया। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश को नई पहचान मिली है और देश मजबूत होकर एक नया भारत बना है। आज विश्व भर में भारत की बात को बड़ी गंभीरता से सुना जाता है और जब भी कोई बड़ी समस्या विश्व के सामने आती है तो वह भारत की तरफ देखता है और समस्या के समाधान की उम्मीद करता है। उन्होंने भारत के पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के लिए नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि अगले दो सालों में भारत विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा और भारत 2047 तक विकसित भारत का संकल्प भी पूरा करेगा। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तथा हरियाणा भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र में स्पष्ट लिखा है कि आने वाले समय में देश में यूनिफॉर्म सिविल कोड यानि समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी। सांसद एवं भाजपा उम्मीदवार अरविंद शर्मा ने कहा कि भाजपा ने महिला आरक्षण लागू किया जिससे महिलाओं की राजनीति में भागीदारी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले केवल भ्रष्टाचार ही होता था लेकिन आज विकास के नए रास्ते खोले जा रहे हैं। विजय संकल्प रैली में प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, जिला अध्यक्ष राजपाल जांगड़ा,जिला परिषद के चेयरमैन कप्तान सिंह गिरधाना, विधानसभा चुनाव संयोजक विक्रम कादयान, लोकसभा चुनाव प्रभारी राजीव जैन,जिला प्रभारी कैप्टन भूपेंद्र सिंह,नीलम अहलावत, कर्नल राजेंद्र सुहाग, रामफल सैनी आशा शर्मा और आनंद शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित थे।