Pal Pal India

इंडिया गठबंधन जीतेगा प्रदेश की सभी 10 सीटें: सैलजा

 
  इंडिया गठबंधन जीतेगा प्रदेश की सभी 10 सीटें: सैलजा
 सिरसा, 26 मई। कांग्रेस उम्मीदवार कुमारी सैलजा ने आज सिरसा के कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और चुनाव प्रचार के दौरान की गई मेहनत के लिए धन्यवाद किया। आज दोपहर को कुमारी सैलजा कांग्रेस भवन में पहुंची। कांग्रेस भवन में पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया और जिंदाबाद के नारे लगाए। सैलजा ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। कुछ नेताओं से उन्होंने एक-एक कर चर्चा की और मतदान के बारे में फीडबैक लिया। मुलाकात के दौरान सैलजा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि इतनी भयंकर गर्मी के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिस जज्बे के साथ प्रचार में मेहनत की है, वह काबिलेतारीफ है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की यह मेहनत रंग लाएगी और कांग्रेस की रिकार्ड मतों से जीत होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इंडिया गठबंधन के तहत प्रदेश की सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। हालांकि गर्मी के कारण मतदान प्रतिशत कुछ कम रहा है, लेकिन अभी मतदान के सही आंकड़े आने बाकी है। साथ ही कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि लोकसभा का चुनाव हो चुका है। अब कुछ माह बाद विधानसभा का चुनाव होना है, इसलिए कार्यकर्ता अभी से कांग्रेस पार्टी के प्रचार प्रसार में जुट जाए। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार देश-प्रदेश की जनता ने बदलाव के लिए मतदान किया है। सत्ता का बदलाव होगा। जब कांग्रेस की सरकार बनेगी तो जनता के हित में नीतियां बनाकर उन्हें लागू किया जाएगा। हर वर्ग को राहत पहुंचाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव जनता का चुनाव था जिसे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अपनी मेहनत से सफल बनाया है। इसके लिए पार्टी के सभी छोटे-बड़े कार्यकर्ताओं व नेताओं का बहुत-बहुत धन्यवाद। इस मौके पर कालांवाली विधायक शीशपाल केहरवाला, वीरभान मेहता, नवीन केडिया, प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा, राजकुमार शर्मा, जयपाल लाली, राजेश चाडीवाल, विरेंद्र गोल्डी सहित अन्य नेता मौजूद थे।