Pal Pal India

पिछले 10 साल में भाजपा कैथल में एक भी नया प्रोजेक्ट नहीं लाई: डॉ. सुशील गुप्ता

 
 पिछले 10 साल में भाजपा कैथल में एक भी नया प्रोजेक्ट नहीं लाई: डॉ. सुशील गुप्ता
 कैथल, 20 अप्रैल।  आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और इंडिया गठबंधन के तहत आम प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता ने प्रेसवार्ता कर हरियाणा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में एक भी सांसद ने काम नहीं किया। कुरुक्षेत्र जिले में लडक़ों के लिए एक भी सरकारी कॉलेज नहीं है। अस्पतालों की हालत खराब है। कैथल में पिछले 10 साल में भाजपा बच्चों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों के लिए एक भी नया प्रोजेक्ट नहीं लेकर आई। भाजपा ने छह साल पहले सिटी स्कवेयर बनाने की घोषणा की थी, जो कैथल का ड्रीम प्रोजक्ट कहा जाता था। ये 54 करोड़ रुपए की लागत से तैयार होना था, जो 2021 में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। यदि हम कैथल के इंफ्रास्ट्रक्चर की बात करें तो आधा दर्जन प्रोजेक्ट ऐसे हैं, जो केवल कागजों में है। कैथल पटियाला हाईवे से सीधा 50 से ज्यादा गांव को फायदा होना था। केंद्र सरकार की 130 करोड़ रुपए की मंजूरी के बाद भी यहां का सांसद इस पर काम शुरू नहीं करा पाया। उन्होंने कहा कि जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र ऐलिवेटेड रेलवे ट्रैक का प्रोजेक्ट कई सालों से अटका पड़ा है। मुख्यमंत्री ने भी इसकी घोषणा की थी कि इस प्रोजेक्ट को पूरा कराउंगा, लेकिन ये प्रोजेक्ट भी केवल कागजों में सिमट कर रह गया। ये लोग आपस में पैसों की बंदरबाट कर लेते हैं। भाजपा सरकार में असल में तो प्रोजेक्ट आता नहीं और आता है तो भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है। सहकारिता विभाग में 100 करोड़ रुपए के घोटाले के तार कैथल से जुड़े हैं, जो सीधे सहकारिता मंत्री से जाकर मिलते हैं। केंद्र सरकार ने कैथल सहकारिता विभाग के लिए जिले के विभिन्न बैंकों को कंप्युटर और फर्नीचर खरीदने के लिए पैसे भेजे थे जो इन्होंने बांट कर खा लिए।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा और जजपा के गठबंधन की सरकार से पहले जो बड़े टेंडर होते थे वो एस्टिमेट प्राइस से नीचे जाते थे और अब उससे 10 से 15 प्रतिशत ऊपर जाते थे। वो पैसे भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ते थे और प्रोजेक्ट फिर भी लटक जाते थे। निगम में कोई भी काम बिना पैसे दिए नहीं होता। पंचायती राज में सरपंच और पंच खुद खरीदारी करते थे, अब उनकी पावर खत्म करके सभी चीजें डबल पैसे में खुद खरीदने लगे। यही कारण है कि आज भाजपा और जजपा के लोग गांव में नहीं घुस सकते। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में महिलाओं पर लगातार अत्याचार बढ़ रहा है। पुलिस कस्टडी में भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। अब भाजपा का ह्यूमन राइट कमीशन कहां गया। भाजपा महिला यौन अपराधों के आरोपी को मंत्री बनाकर रखती है, महिला पहलवानों को सडक़ों पर घसीटा गया, लेकिन आज तक सांसद बृजभषण शरण सिंह को गिरफ्तार नहीं किया। भाजपा के राज में हरियाणा अपराध की भेंट चढ़ता जा रहा है।