Pal Pal India

पानीपत में घरेलू झगड़े के बाद नहर में कूदे पति-पत्नी

 
 पानीपत में घरेलू झगड़े के बाद नहर में कूदे पति-पत्नी
चंडीगढ़, 20 मई। पानीपत में घरेलू झगड़े के चलते शुक्रवार की रात पति-पत्नी ने नहर में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने पति को निकाल लिया जबकि पत्नी की अभी तलाश की जा रही है। पति को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पानीपत के तहसील कैंप क्षेत्र में रहने वाले दंपति मोहित और सचिना के बीच शुक्रवार की रात करीब सवा 12 बजे किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक-दूसरे को चुनौती देकर मौत को गले लगाने का फैसला कर लिया। इसके बाद दोनों घर से बाइक पर सवार होकर नहर की ओर चल पड़े। जब वे कश्यप कॉलोनी के पास नहर पर पहुंचे तो वहां उन्होंने बाइक से नीचे उतरते ही नहर में छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों ने एक दूसरे के गले में हाथ डालकर नहर में छलांग लगाई थी।

दंपती के नहर में छलांग लगाते ही राहगीर ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर वहां स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। कुछ लोग तैराकी जानते थे। वह तुरंत नहर में कूदे और पति मोहित को बाहर निकाल लिया। हालांकि पत्नी सचिना पानी के तेज बहाव में बह गई। काफी देर तक लोग ढूंढते रहे लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। तब तक पुलिस की डायल-112 टीम भी वहां पहुंच गई। जो मोहित को अस्पताल ले गई।

शनिवार की सुबह सचिना को ढूंढने के लिए पुलिस ने गोताखोरों को बुलाया है। अभी तक महिला का कोई सुराग नहीं मिला है।