Pal Pal India

हिसार: हांसी उत्तरी भारत का महत्वपूर्ण शहर, सदा रहा व्यापारिक व राजनीतिक महत्व: कैप्टन अभिमन्यु

 पूर्व मंत्री ने किया ‘ऐतिहासिक शहर हांसी’ नामक पुस्तक का विमोचन
 
पूर्व मंत्री ने किया ‘ऐतिहासिक शहर हांसी’ नामक पुस्तक का विमोचन
हिसार, 13 नवंबर पूर्व वित्त मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु ने कहा है कि ‘ऐतिहासिक शहर हांसी’ नामक पुस्तक अपने में हांसी का इतिहास समेटे हुए है। पुस्तक के लेखक जगदीश चन्द्र ने पुस्तक का लेखन करके हांसी के इतिहास से जनता को रूबरू करवाने का जो प्रयास किया है, वह सराहनीय है। वे सोमवार को हांसी के जगदीश चन्द्र द्वारा लिखित पुस्तक ‘ऐतिहासिक शहर हांसी’ का विमोचन करने के दौरान बातचीत कर रहे थे।
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि हांसी एक प्राचीन शहर है जो कभी उत्तरी भारत का सबसे महत्वपूर्ण शहर था। वैदिक कालीन दो नदियों के संगम पर स्थित इस शहर का धार्मिक महत्व तो था ही भारत के भीतरी भाग को मध्य एशिया की सभ्यताओं से जोड़ने वाले स्थल मार्ग पर होने के कारण इसका व्यापारिक महत्व भी था। राजपूत काल में इसे भारत की दहलीज कहा जाने लगा था। अनेक बार यह गणराज्यों की राजधानी रही। इस्लामिक काल में इसे इस्लाम के प्रचार और प्रसार का केंद्र बनाया गया तो यह सूफी संतों का ठिकाना बन गया। आयरिश जार्ज थामस ने जब हरियाणा नाम से अपना राज्य कायम किया तो यह हांसी को उसकी राजधानी बनाया।
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि अंग्रेजी काल में यह जिला रही और बाद में तहसील जो आज तक है। भारतीय सेना में आज भी अपने गौरवशाली इतिहास के तैनात स्कीनर हार्स रेजिमेंट का गठन 200 साल पहले इसी भूमि पर किया गया था। भारत की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक घटनाओं का मूक गवाह यह ऐतिहासिक शहर आज भी अपने गौरवशाली अतीत के गवाह स्मारकों को अपने दामन में समेटे है।
हांसी के अतीत को संग्रहित करने का महत्वपूर्ण कार्य करने वाले जगदीश चंन्द्र का कहना है कि पुस्तक ‘ऐतिहासिक शहर हांसी’ को प्रकाशित करने में कैप्टन अभिमन्यु ने सराहनीय सहयोग दिया। पूर्व मंत्री ने एक महत्वपूर्ण आयोजन में विमोचन कर आम जनता तक इसको पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया। इससे कैप्टन अभिमन्यु का समाजसेवा के प्रति भावना का भी पता चलता है। इस समारोह में राज्यसभा सांसद डॉ. डीपी वत्स, पूर्व मंत्री छत्रपाल सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति शामिल रहे।