Pal Pal India

अयोध्या में राम दर्शन को जाएगी हरियाणा की नायब सरकार, हिसार से अयोध्या के लिए चलेगी पहली फ्लाइट

 
  अयोध्या में राम दर्शन को जाएगी हरियाणा की नायब सरकार, हिसार से अयोध्या के लिए चलेगी पहली फ्लाइट
चंडीगढ़, 23 जून  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार सोमवार को अयोध्या में जाकर रामलला के दर्शन करेगी। मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में मंत्रियों तथा विधायकों का शिष्टमंडल सोमवार की सुबह चंडीगढ़ से अयोध्या के लिए रवाना होगा। हिसार हवाई अड्डे से अगस्त माह के पहले सप्ताह से पहली फ्लाइट हिसार से अयोध्या के लिए चलेगी।
अयोध्या में 22 जनवरी को अयोध्या में मूर्ति स्थापना के समय हरियाणा में भाजपा सरकार का नेतृत्व मनोहर लाल द्वारा किया जा रहा था। उस समय मनोहर लाल के नेतृत्व में विधायकों तथा मंत्रियों का 10 फरवरी को अयोध्या जाने का कार्यक्रम तय हुआ था, लेकिन यह कार्यक्रम सिरे नहीं चढ़ सका और हरियाणा में नेतृत्व परिवर्तन हो गया। 12 मार्च को नई सरकार के गठन के बाद से लोकसभा चुनाव शुरू हो गया। जिसके चलते हरियाणा के मुख्यमंत्री तथा मंत्री अभी तक अयोध्या नहीं जा सके थे। अब लोकसभा चुनाव से फारिग होने के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अयोध्या जाने के कार्यक्रम का ऐलान किया है।
सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा के कई मंत्री तथा विधायक सुबह आठ बजे विशेष विमान से अयोध्या के लिए रवाना होंगे। कुछ मंत्रियों तथा विधायकों के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम होने के कारण वह अयोध्या नहीं जाएंगे। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री समेत करीब 32 विधायक तथा मंत्री चंडीगढ़ से अयोध्या के लिए रवाना होंगे। अयोध्या में रामलला के दर्शनों के बाद नायब सैनी मंत्रिमंडल शाम को वापस लौट आएगा।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जहां चुनाव से पहले हरियाणा सरकार के पब्लिसिटी एडवाइजर तरूण भंडारी के नेतृत्व प्रदेश के श्रद्धालु विशेष ट्रेन से अयोध्या जा चुके हैं। चुनाव के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी भी कई शहरों से बसों को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या के लिए रवाना कर चुके हैं। इन बसों में 60 वर्ष से अधिक आयु तथा एक लाख 80 हजार रुपये वार्षिक आय वाले श्रद्धालुओं को सरकार द्वारा मुफ्त तीर्थ यात्रा करवाई जा रही है।
हिसार में हवाई अड्डे के निर्माण का कार्य लगभग अंतिम चरण में है, जिसके चलते सरकार ने अगस्त माह के पहले सप्ताह से यहां से विमान संचालन का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने ऐलान किया है कि हिसार हवाई अड्डे से चलने वाली पहली फ्लाइट हिसार से अयोध्या के लिए चलेगी।