Pal Pal India

राष्ट्रपति निशान प्राप्त करने वाली हरियाणा पुलिस देश के 10 राज्यों में से एक पुलिस बन गई है: अमित शाह

 
राष्ट्रपति निशान प्राप्त करने वाली हरियाणा पुलिस देश के 10 राज्यों में से एक पुलिस बन गई है: अमित शाह

पल पल न्यूज: करनाल, 14 फरवरी (डॉ हरीश चावला)। हरियाणा पुलिस के सेवा सुरक्षा व सहयोग के शीर्ष वाक्य का आज उस समय सार्थक सिद्ध हुआ जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुलिस की कार्यशैली के लिए राष्ट्रपति निशान प्रदान किया। अब हरियाणा पुलिस अपनी वर्दी पर बायं बाजू पर राष्ट्रपति निशान लगा सकेंगे जो उन्हें गौरव एवं गर्व की भावना से ओत-प्रोत करेगा। मंगलवार का करनाल में हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन के वच्छेर स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रपति निशान अलंकरण समारोह में शानदार परेड के बाद उपस्थित जवानों को संबोधित करते हुए  अमित शाह ने राष्ट्रपति निशान प्राप्त करने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल व गृह मंत्री  अनिल विज की कार्यशैली की भी सराहना की। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री ने आज ही के दिन वर्ष 2019 में पुलवामा में एक कायराना हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के 40 जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जब तक भारत की रक्षा का इतिहास लिखा जाएगा, तब तक इन 40 जवानों के नाम स्वर्णिम अक्षरों से भारत के सुरक्षा इतिहास में चिन्हित होगा। उन्होंने पूर्व विदेश मंत्री स्वर्गीय  सुष्मा स्वराज के जन्मदिवस के अवसर पर उन्हें भी नमन किया। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि हरियाणा पुलिस को राष्ट्रपति कलर अवार्ड देने का सम्मान आज उन्हें मिला है ये हरियाणा पुलिस का तो सम्मान है ही, परंतु मुझे भी बहुत गौरव की अनुभूति हो रही है कि हरियाणा पुलिस जैसी धाकड़ पुलिस को आज राष्ट्रपति सम्मान देने का अवसर उन्हें मिला है। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रपति निशान 25 साल तक सात्यपूर्ण सेवा व शौर्य और समर्पण से सेवा करने की समीक्षा के बाद पुलिस को प्रदान किया जाता है। अमित शाह ने कहा कि राष्ट्रपति निशान से प्राप्त होने वाली हरियाणा पुलिस देश के 10 राज्यों में से एक पुलिस बन गयी है। इससे पहले यह सर्वोच्च सम्मान मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, जम्मू कश्मीर, तमिलनाडु, त्रिपुरा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश और असम राज्यों की पुलिस को मिला है। 
हरियाणा पुलिस देश में प्रथम:

A


केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि हरियाणा में 29 साइबर थाने, 309 साइबर डेस्क स्थापित किए गए हैं, जो साइबर फ्रॉड के केसों पर नकेल कर रहे हैं। इंटर-ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (आईसीजेएस) प्रोजेक्ट तथा सीसीटीएनएस के सफल क्रियान्वयन के लिए हरियाणा पुलिस को देशभर में प्रथम स्थान मिला है, इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल और गृहमंत्री  अनिल विज को बहुत बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उडऩ दस्ता, एंटी करप्शन विंग के माध्यम से 1303 छापे मारकर प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया है।
सेवा, सुरक्षा व सहयोग भावना के प्रतीक: मनोहर लाल
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा पुलिस को राष्ट्रपति निशान प्रदान करनके के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस के तीन शब्द सेवा, सुरक्षा व सहयोग, यह केवल तीन शब्द नहीं है, बल्कि हमारे भावना के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस प्रदेश में सुरक्षा को चाक चौबंद किए हुए है। 21वीं सदी में पुलिस में जो दक्षता होनी चाहिए, वह हरियाणा पुलिस में है। हर समय पोर्टल पर 32 नागरिक सेवाएं पुलिस के द्वारा दी जाती हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में इंटरनेट और मोबाइल का उपयोग जैसे-जैसे बढ़ रहा है, वैसे ही साइबर क्राइम भी बढ़ा है, इस पर अंकुश लगाने के लिए प्रदेश में 29 साइबर थाने व 309 साइबर डेस्क स्थारपित किए हैं। इसके अलावा, प्रदेश में जिला स्तर से ब्लॉक स्तर तक महिला पुलिस थाने खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस में महिलाओं की संख्या 9 प्रतिशत है, इसे 15 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि पंचकूला में अंतरराज्यीय ड्रग सचिवालय स्था पित किया गया है। इसके माध्यम से 7 राज्य आपसी समन्वय से ड्रग मामलों पर नियंत्रण रखे हुए हैं। इस अवसर प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा का अंदाज और हरियाणा का मिजाज कुछ हटकर है। ये अंदाज और मिजाज आज हरियाणा के खानपान व बोली और यहाँ के रहन सहन में बखूबी नजर आता है।     
कॉफी टेबल बुक का विमोचन:

B


इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा पुलिस के 56 वर्षों के गौरवशाली इतिहास पर कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया। पुलिस महानिदेशक पीके अग्रवाल ने हरियाणा पुलिस को राष्ट्रपति निशान देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री का आभार व अभिनंदन व्यक्त किया। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष  ज्ञान चंद गुप्ता, स्कूल शिक्षा मंत्री कंवर पाल, परिवहन मंत्री  मूलचंद शर्मा, सहकारिता मंत्री डॉ बनवारी लाल, विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली, विधानसभा उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा, श्रम राज्य मंत्री अनूप धानक, करनाल के सांसद संजय भाटिया, सांसद सुनीता दुग्गल, राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार, घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण, इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप, नीलोखेड़ी के विधायक धर्मपाल गोंदर, थानेसर के विधायक सुभाष सुधा, सोहना के विधायक संजय सिंह, कैथल के विधायक लीला राम कुर्जर, डीजीपी हरियाणा पीके. अग्रवाल, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद, सीआईडी चीफ अलोक मित्तल, मंडल आयुक्त डा. साकेत कुमार, आईजी करनाल सतेन्द्र कुमार गुप्ता, उपायुक्त अनीश यादव, पुलिस अधीक्षक गंगाराम पुनिया सहित वरिष्ठ अधिकारीगण व गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।