Pal Pal India

मेवात से हरियाणा परिवर्तन पद यात्रा का हुआ आगाज

 
मेवात से हरियाणा परिवर्तन पद यात्रा का हुआ आगाज

पल पल न्यूज: मेवात, इन दिनों यात्रा का दौर चल रहा है। एक के बाद एक नेता अपनी-अपनी यात्रा पर निकल रहे हैं। बीते दिनों ही कांग्रेस ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा को पूरा किया। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समाधान यात्रा पर निकले हुए हैंं। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी गरीब संपर्क यात्रा पर हैं। अब इस कड़ी में इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला का भी नाम जुड़ गया है। हरियाणा की इंडियन नेशनल लोकदल  पार्टी ने मेवात से हरियाणा परिवर्तन पदयात्रा का आगाज कर दिया है।

मेवात के पुन्हाना हलके के सिंगार गांव से यात्रा के पहले दिन इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने बीजेपी सरकार को आड़े हाथ लिया। साथ हरियाणा बीजेपी के साथ गठबंधन वाली जेजेपी को घेरते हुए कहा कि इनसे प्रदेश कां छुटकारा दिलाने के लिए यह यात्रा शुरू की है। इन्होने संविधान और प्रजातंत्र पर कुठाराघात किया है। अभय सिंह चौटाला ने विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का बिना नाम लिए इशारों ही इशारों में कहा कि जब मैं विधानसभा में लुटेरी सरकार की पोल खोल रहा था तब विपक्ष के लोग साथ देने की जगह चुटकुले सुनाकर मामले को रफा दफा करवाने में सत्ता पक्ष का सहयोग दे रहे थे।

मेवात का विकास गुरुग्राम की तर्ज पर: चौटाला

मेवात के लोगों से अभय सिंह चौटाला ने कहा कि अगले चुनाव में मेवात इलाके की तीनों सीट इनेलो की झोली में डालें। सरकार बनी तो मेवात का विकास गुरुग्राम की तर्ज पर करवाने का काम करेंगे। वहीं इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला ने अपने भाषण को छोटा रखते हुए कहा कि मेवात के लिए उनकी सरकार में क्या कुछ काम हुए, ये गिनवाने की जरूरत नहीं। अब वक्त आ गया है एक बार फिर हम मिलकर अपनी लड़ाई को लड़ें।  ताकि हमारी आने वाली पीढिय़ों का भविष्य सुरक्षित हो सके। इस उद्देश्य में मेवात इनेलो का साथ दे। आपको बता दें कि हरियाणा परिवर्तन पद यात्रा 7 महीने तक चलेगी। इस यात्रा का समापन 25 सितंबर को कुरुक्षेत्र में होगा। हर विधानसभा में कम से कम 3 दिन यह यात्रा ठहरने वाली है।