Pal Pal India

प्रदेशवासियों की कड़ी मेहनत से समृद्ध हुआ हरियाणा : राज्यपाल असीम घोष

 
 प्रदेशवासियों की कड़ी मेहनत से समृद्ध हुआ हरियाणा : राज्यपाल असीम घोष
 चंडीगढ़, 1 नवंबर हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष ने कहा कि हरियाणा राज्य ने स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन, बुनियादी ढाँचे के उन्नयन और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए, राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के सिद्धांत के साथ पूर्ण समन्वय के साथ कार्य कर रही है, जो विकसित भारत व विकसित हरियाणा के विजन को साकार करने का रोडमैप है।
राज्यपाल शनिवार को हरियाणा के 60वें स्थापना दिवस के अवसर पर पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने हरियाणा के लोगों को हरियाणा दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इससे पूर्व राज्यपाल ने अपनी धर्मपत्नी एवं लेडी गवर्नर मित्रा घोष व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ हरियाणा की संस्कृति एवं विरासत को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
राज्यपाल ने कहा कि हरियाणा देश के क्षेत्रफल का केवल 1.34 प्रतिशत और जनसंख्या का 2.09 प्रतिशत होने के बावजूद भी देश के सकल घरेलू उत्पाद में 3.6 प्रतिशत योगदान दे रहा है। राज्य की प्रति व्यक्ति आय बड़े राज्यों में सबसे ज़्यादा है, जो लगभग 3 लाख 53 हज़ार है, जबकि 1966 में यह मात्र 343 रुपये थी। 1966 में राज्य का निर्यात केवल 4 करोड़ 50 लाख रुपये था, जो अब बढक़र 2 लाख 75 हज़ार करोड़ से ज़्यादा हो गया है।