Pal Pal India

कांग्रेस के न्याय पत्र की तर्ज पर बनेगा हरियाणा चुनाव के लिए घोषणा पत्र: दीपक बारिया

 
बंद कमरे में नहीं,हर वर्ग से संवाद करके तैयार होगा घोषणापत्र
 
  कांग्रेस के न्याय पत्र की तर्ज पर बनेगा हरियाणा चुनाव के लिए घोषणा पत्र: दीपक बारिया
 कांग्रेस प्रभारी व गीता भुक्कल ने सांझा की घोषणापत्र की तैयारियां
चंडीगढ़, 30 जून  हरियाणा कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए बने कांग्रेस न्यायपत्र की तर्ज पर हरियाणा विधानसभा चुनाव का घोषणापत्र तैयार किया जाएगा। घोषणापत्र को बंद कमरे में बैठकर सिर्फ पार्टी के भीतर चर्चा करके नहीं बल्कि प्रदेश के सभी वर्गों के साथ संवाद करने के बाद तैयार किया जाएगा।
दीपक बाबरिया तथा मेनिफेस्टो कमेटी की अध्यक्ष व विधायक गीता भुक्कल रविवार को चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर अंबाला से सांसद वरुण मुलाना, प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी चांदवीर हुड्डा और मेनिफेस्टो कमेटी के कई सदस्य भी मौजूद रहे।
बाबरिया ने कहा कि मेनिफेस्टो के लिए कमेटी के लोग लगातार विभिन्न वर्गों के साथ बैठकें कर रहे हैं। कमेटी में समाज के हर तबके के लोगों को शामिल किया गया है। प्रत्येक विषय के आधार पर अलग-अलग सब कमेटियां बनाई गई हैं। इनके साथ एक-एक सदस्य को जोड़ा गया है। हर सदस्य प्रदेश की हर विधानसभा में जाकर उनकी समस्याओं को जानेगा और समस्या के निवारण के उपाय कमेटी को बताएगा।
बाबरिया ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस कार्यकाल के दौरान रोजगार, उत्पादन, जीडीपी, अर्थव्यवस्था, कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा देने के मामले में देश के टॉप राज्यों में शुमार था। भाजपा के शासनकाल में आज हरियाणा भ्रष्टाचार, अत्याचार, अपराध, महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, नशे में देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है। क्योंकि भाजपा काम नहीं केवल जुमलेबाजी करती है। भाजपा और उसके साथ साढ़े चार साल सरकार चलाने वाली जजपा ने अपने घोषणापत्र के किसी वादे को पूरा नहीं किया।
मेनिफेस्टो कमेटी की अध्यक्ष गीता भुक्कल ने कहा कि पार्टी ने मेनिफेस्टो के लिए 17-18 सब कमेटियों का गठन किया है। ये कमेटियां प्रदेश के सभी जिलों में किसानों, युवाओं, बेरोजगारों, बुजुर्गों, कर्मचारियों, कच्चे कर्मचारियों, महिलाओं, मध्यमवर्ग, प्राइवेट कर्मी, कारोबारी, दुकानदार, झुग्गी वासी, सेक्टरवासियों समेत सभी वर्गों के साथ अलग-अलग बैठकें कर रही हैं।
भुक्कल ने कहा कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा में जनता से संवाद के बाद जो मुद्दे उठाए, उन्हें कांग्रेस ने लोकसभा के न्यायपत्र में शामिल किया था। लोकसभा चुनाव के घोषणा पत्र के आधार पर विधानसभा चुनाव का भी घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा। ये घोषणा पत्र प्रदेश के विकास में मार्गदर्शक बनने का काम करेगा।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी लगातार भर्तियों के पेपर लीक हो रहे हैं। पक्की भर्तियां करने की बजाए सरकार कौशल निगम के जरिए कच्ची भर्तियां करके युवाओं का शोषण कर रही है। युवाओं के साथ संवाद करके कांग्रेस उनकी समस्याओं का समाधान अपने घोषणापत्र में पेश करेगी।
पत्रकार वार्ता के दौरान गीता भुक्कल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने घोषणा पत्र के लिए नारी न्याय चौपाल, शहरी व पंचायती निकाय चौपाल, झुग्गी बस्ती पुर्नवास न्याय व बुनयादी मानवीय सुविधांए न्याय चौपाल का आयोजन कर चुकी है। इनके जरिए महिलाओं, मेयर, डिप्टी मेयर, सरपंच व पंचों से संवाद किया गया। यमुनानगर में पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यकों के साथ न्याय चौपाल हो चुकी है। नई दिल्ली में बीसी ए वर्ग के लोगों के साथ, सिरसा व हिसार में किसान न्याय चौपाल हो चुकी है।