Pal Pal India

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने हरमेल सिंह टोहड़ा के निधन पर जताया शोक​​​​​​​

 पटियाला के गांव टोहड़ा में भाजपा प्रदेश सचिव कंवरवीर के घर पहुंचें नायब सैनी
 
  हरियाणा के मुख्यमंत्री ने हरमेल सिंह टोहड़ा के निधन पर जताया शोक​​​​​​​
-चंडीगढ़, 30 सितंबर  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को पंजाब के जिला पटियाला के गांव टोहड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने पंजाब भाजपा के प्रदेश सचिव कंवरवीर सिंह टोहड़ा के पिता एवं पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री सरदार हरमेल सिंह टोहड़ा के निधन पर शोक प्रकट किया। इस अवसर पर हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली भी साथ रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गांव टोहड़ा में पहुंचकर दिवंगत नेता के दोनों पुत्रों सहित परिजनों से भेंट की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि सरदार हरमेल सिंह पंजाब के वरिष्ठ व लोकप्रिय नेता थे। वे सदैव जनता के सुख-दुख में सहभागी रहते थे और उनकी छवि एक जनसेवक की रही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार हरमेल सिंह ने राजनीति में उल्लेखनीय ऊँचाइयाँ हासिल कीं और पंजाब की जनता ने उन्हें अपार स्नेह व सम्मान दिया। उनकी स्मृतियाँ सदैव प्रेरणा देती रहेंगी। नायब सिंह सैनी ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके सुपुत्र उनके अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाते हुए समाजसेवा और गरीब कल्याण की उनकी सोच को साकार करेंगे। उन्होंने अरदास करते हुए कहा कि वाहेगुरु जी दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और परिजनों व उनके देश-विदेश में बसे प्रशंसकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
गांव टोहड़ा में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लंदन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी भारत के ऐसे आइकॉन हैं,जिन्होंने अहिंसा और शांति के मार्ग पर चलते हुए अंग्रेजों को भारत छोड़ने पर विवश किया। इस अवसर पर हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, पंजाब भाजपा के सचिव कंवरवीरसिंह टोहड़ा, उनके भाई हरेंद्र पाल सिंह, उनकी माता बीबी कुलदीप कौर टोहड़ा, बहन डा. जसप्रीत कौर सहित अन्य भी मौजूद रहे।