Pal Pal India

अनाज मंडियां गेहूं से फुल पर किसान की जेब खाली: डॉ केवी सिंह

 उठान के 72 घंटों के भीतर भुक्तान के दावों की खुली पोल: डॉ केवी सिंह 
 
 अनाज मंडियां गेहूं से फुल पर किसान की जेब खाली: डॉ केवी सिंह 
 सिरसा, 23 अप्रैल वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ केवी सिंह पिछले कई दिनों से हलका डबवाली की विभिन्न अनाज मंडीयों के दौरे पर है, इस दौरान उन्होंने आज गांव पन्नीवाला मोरीका, चटठा, हस्सू, पाना, माखा, ओढ़ा,बनवाला, रत्ताखेड़ा, मलिकपुरा आदि की अनाज मंडीयों का दौरा कर धरातली हकीकत को जाना।

                इस दौरान डॉ केवी सिंह ने कहा कि इस सीजन में पहले खराब मौसम ने फसलों को नुकसान पहुंचाया, उसके बाद बायोमेट्रिक, वाहन पंजीकरण, जिओ फैंसिंग आदि अड़चनों से निकलना और बाद में तुलाई की मुश्किल के चलते किसानों पर तिहरी मार पड़ी है, पचास प्रतिशत फसल की तुलाई हो गई है,अनाज मंडियां गेहूं से फुल है पर किसान की जेब खाली है जिस कारण किसानों में रोष है।
           डॉ सिंह ने कहा कि उन्हें पता चला है कि जिन किसानों की 13 अप्रैल तक फसल की तुलाई हो गई थी उनको भी आज तक फूटी कौड़ी सरकार द्वारा नहीं दी गई है, जो सरकार के फसल उठान के 72 घंटे तक भुगतान के खोखले दावों की पोल खोलता है। उन्होंने कहा कि दूसरी तरफ सरकार द्वारा आज जारी किए गए आंकड़ों से पता चलता है कि कल शाम तक 80 लाख मीट्रिक टन फसल मंडियों में आ गई है लेकिन सरकार का टारगेट केवल 72 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीद का ही है।डॉ सिंह ने सरकार से सवाल किया है कि 80 लाख मीट्रिक टन फसल की आवक 22 तारीख तक हो चुकी है और 30 तारीख तक अभी फसल खरीद की जानी है, ऐसे में सरकार बताए कि वह शेष बची फसल की खरीद करेगी या नहीं? 
     डॉ केवी सिंह ने कहा कि अनाज मंडीयों में केवल किसान की ही नहीं, बल्कि आढ़ती, मज़दूर की हालत भी चिंतनीय है। पर्चेज सेंटरों में न आढ़तियों को तिरपाल दी गई है न पीने का पानी है और न ही बैठने की कोई व्यवस्था की गई है, यही हाल मजदूरों का है और ट्रांसपोर्टर भी इससे जुदा नहीं है उन्हें भी तुलाई के लिए कांटे पर जाने के लिए महज 40 रुपए दिए जा रहे हैं जो कि काफी कम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय आढतियों को ढाई प्रतिशत कमीशन दिया जाता था जो कि अब बहुत कम करके 50 से 75 पैसे कर दिया गया है सरकार को चाहिए कि वह आढ़तियों के कमीशन में बढ़ोतरी कर पुनः ढाई प्रतिशत करे।
         डॉ केवी सिंह ने बताया कि भुक्तान में देरी की शिकायत पर उन्होंने स्थानीय एवं चंडीगढ़ में उच्चाधिकारियों से संपर्क साधा जिस पर अधिकारियों ने जिन किसानों की फसल की तुलाई को 72 घंटे हो चुके हैं उनकी फसल का भुक्तान आज रात या कल सुबह तक करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा देखते हैं कि सरकार इस आश्वासन पर खरा उतरती है या नहीं।