Pal Pal India

विधानसभा उप-चुनाव को लेकर कोर्ट में जवाब देगी सरकार: नायब सिंह सैनी

 
विधानसभा उप-चुनाव को लेकर कोर्ट में जवाब देगी सरकार: नायब सिंह सैनी
  करनाल, 2 अप्रैल विधानसभा उप-चुनाव को लेकर कोर्ट में दायर याचिका के बारे में सीएम नायब सैनी ने कहा कि सरकार की तरफ से कोर्ट में जवाब दिया जाएगा और कोर्ट का निर्णय सर्वोपरि होगा। करनाल के सेक्टर 9 स्थित भाजपा कार्यालय में सीएम नायब सैनी ने आज लोकसभा और विधानसभा उप-चुनाव को लेकर कोर कमेटी के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। उसके बाद जिले भर में अन्य चारों विधानसभाओं में मंडलों के पदाधिकारियों के साथ मीटिंग के लिए निकल गए। नायब सैनी ने इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन में शामिल नेताओं ने बड़े बड़े घोटाले किए हैं, इनमें केजरीवाल भी शामिल है जो आज तिहाड़ में बैठा है। इस दौरान उन्होंने कहा अब केजरीवाल को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के बयानों का जवाब देते हुए नायब सैनी ने कहा कि दुष्यंत के पास सरकार के राज हैं तो उन्हें खोलने चाहिए। इंतजार किस बात का कर रहे हैं। हिसार से कांग्रेस से चंद्रमोहन बिश्नोई को टिकट देने के कयासों और कुलदीप बिश्नोई की भाजपा से नाराजगी के बारे में नायब सैनी ने कहा कि कुलदीप नाराज नहीं है। करनाल विधानसभा के उपचुनाव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने करनाल विधानसभा कोर कमेटी एवं यहां के चार मंडलों की बैठकों में शामिल होकर चुनावी रणनीति को धार दी। इन पांचों बैठकों में मुख्यमंत्री ने पार्टी द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों और योजनाओं का फीडबैक लिया तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए।  
करनाल विधानसभा कोर कमेटी और अर्बन मंडल, कर्ण मंडल, शहरी मंडल और राम नगर मंडल में प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कार्यकर्ताओं को विपक्ष के जनता को छलने वाले और गुमराह करने वाले एजेंडों से आगाह करते हुए कहा कि विपक्षी पार्टियां वोटों के लिए राष्ट्रीय हितों से समझौता करने की किसी भी हद तक जा सकती है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि 10 वर्षों में भारत ने जबरदस्त तरक्की की है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ रहा है। हरियाणा विकसित राज्य बनें इसके लिए डबल इंजन की सरकार हर क्षेत्र में विकास कार्य कर रही है। भाजपा शासन में युवाओं, किसानों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मोदी सरकार ने अनेकों योजनाएं बनाई हैं। हरियाणा के युवा योग्यता के आधार पर मिल रही नौकरियों से खुश हैं। बैठकों के दौरान प्रदेश महामंत्री अर्चना गुप्ता, जिला प्रभारी भारत भूषण जुआल, पूर्व विधायक शशी पाल मैहता, पूर्व जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद, कोषाध्यक्ष बृज गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी डॉ. अशोक कुमार, पूर्व मेयर रेणू बाला गुप्ता, संजय बठला, निर्मला बैरागी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अशोक सुखीजा, कृष्ण गर्ग, मेहर सिंह कलामपुरा आदि उपस्थित रहे।