Pal Pal India

विस अध्यक्ष भी पद की गरिमा का रखें ख्याल: गीता भुक्कल​​​​​​​

विधान सभा अध्यक्ष ने कही थी चोगा ओढ़कर सदन में न जाने की बात 
 
 विस अध्यक्ष भी पद की गरिमा का रखें ख्याल: गीता भुक्कल​​​​​​​
झज्जर, 31 जनवरी  पूर्व शिक्षा मंत्री एवं झज्जर से कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष को भी अपने पद की गरिमा का ख्याल रखना चाहिए। उन्हें सदन में भाजपा का व्यक्ति बनकर काम नहीं करना चाहिए। वे बुधवार को यहां पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं।
पूर्व मंत्री गीता भुक्कल ने विस अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता के विधायक नीरज शर्मा के चोगा ओढ़कर सदन में न आने के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विस में मान मर्यादा रखनी जरूरी और विस अध्यक्ष को भी पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा को यही विस सर्वश्रेष्ठ विधायक का सम्मान प्रदान कर चुकी है। अब उनके तरीके को गलत बताना सही नहीं है। विधासभा के बजट सत्र को लेकर भी पूर्व मंत्री ने सरकार को नसीहत दी। उन्होंने कहा कि बजट सत्र में सरकार पूरी तैयारी के साथ आए, विपक्ष भी मुद्दों के साथ सरकार को घेरेगा।
चंडीगढ़ के मेयर चुनाव में लगे धांधली के आरोप पर गीता भुक्कल ने अपनी बात कही। उन्होंने कहा कि चंड़ीगढ़ मेयर चुनाव में मजबूत लोकतंत्र का गला घोटने जैसा काम किया गया है। लोकतंत्र को जिंदा रखने के लिए संविधान के दायरे में रहकर काम करना होगा। पूर्व शिक्षा मंत्री ने सरकार पर प्रदेश में पांच हजार सरकारी स्कूलों को बंद करने का आरोप लगाया।