श्रीमती लाली देवी एवं श्री मामराज कोकड़ा की स्मृति में निःशुल्क नेत्र व मेडिकल कैंप

भिवानी परिवार मैत्री संघ (बीपीएमएस) द्वारा बुधवार, 15 अप्रैल को भिवानी में 39 वां निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन (लैंस वाला) एवं चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। कोकड़ा परिवार के सौजन्य से यह शिविर पूर्व की भांति श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर में सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित होगा।
इस बारे में जानकारी देते हुए भिवानी परिवार मैत्री संघ के अध्यक्ष एवं अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि राजेश चेतन ने बताया कि जन जन तक निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के बीपीएमएस के मिशन को पूरे हरियाणा राज्य के साथ दिल्ली व राजस्थान में भी प्रशंसा मिली है। हरियाणा के विभिन्न जिलों के साथ दिल्ली व राजस्थान से भी बड़ी संख्या में मरीज हर महीने के तीसरे बुधवार को आयोजित होने वाले शिविर में आकर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं, मोतियाबिंद के निःशुल्क ऑपरेशन से जीवन में उजियारा ला रहे हैं।
इसी महीने 2 अप्रैल को हनुमान जयंती पर लोहारू तहसील, जिला भिवानी के खरखड़ी गांव में विशेष आग्रह पर बीपीएमएस द्वारा लगाए गए निःशुल्क नेत्र एवं चिकित्सा शिविर का उल्लेख करते हुए राजेश चेतन ने बताया कि इसमें रिकॉर्ड 255 रोगियों की ओपीडी हुई थी। खरखड़ी की कीर्ति देश-दुनिया में पहुंचाने वाले तथा मार्बल ट्रेडिंग में भारत के शीर्ष ब्रांड 'स्टोनेक्स' के मालिक बजरंग लाल अग्रवाल ने अपनी माता व पिता की स्मृति में यह शिविर आयोजित करवाया था।
राजेश चेतन ने बताया कि जरूरतमंद मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं निःशुल्क देने, दवाओं की उत्तम गुणवत्ता एवं सेवा का सर्वोच्च स्तर सुनिश्चित जाने के कारण ही बीपीएमएस के मिशन को चहुं ओर ख्याति प्राप्त हो रही है, सम्मान मिल रहा है। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम व दिल्ली के वरिष्ठ चिकित्सक शिविर में आए मरीजों की न जांच करते हैं, रबर करते हैं और ऑपरेशन करते हैं... सबकुछ बिल्कुल मुफ्त।

