Pal Pal India

जजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह सहित कई नेता कांग्रेस में शामिल

 पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री भट्ठल की मौजूदगी में हुड्डा व उदयभान ने करवाया ज्वाइन
 
  जजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह सहित कई नेता कांग्रेस में शामिल
 शाहबाद से जजपा विधायक रामकरण काला के दोनों बेटे भी कांग्रेस में शामिल
चंडीगढ़, 29 अप्रैल  जननायक जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रहे सरदार निशान सिंह ने सोमवार को जजपा के सैकड़ों पदाधिकारियों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा पंजाब की पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल की मौजूदगी में निशान सिंह ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर हांसी से तीन बार विधायक रहे स्व. अमीरचंद मक्कड़ के पौत्र और जजपा के प्रत्याशी रहे राहुल मक्कड़, जजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे सुरेंद्र लैगा, प्रदेश महासचिव रहे रमेश गोदारा ने भी कांग्रेस का दमन थामा। पूर्व विधायक रघु यादव के बेटे सृजन यादव और शाहबाद से जजपा विधायक रामकरण काला के दोनों बेटों कंवरपाल (जिला पार्षद) और सुकरम पाल (पूर्व पार्षद) भी आज कांग्रेस में शामिल हो गए। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पार्टी ज्वाइन करने वाले नेता व कार्यकर्ताओं को कांग्रेस में पूरे मान-सम्मान व स्थान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि यह इस बात की गारंटी है कि हरियाणा में आने वाली सरकार कांग्रेस की होगी।
चौधरी उदयभान ने कहा कि निशान सिंह जैसे बड़े नेताओं के आने से कांग्रेस को और मजबूती मिलेगी। उनका राजनीतिक अनुभव कांग्रेस के काम आएगा। उन्होंने ज्वाइन करने वाले सभी नेता व कार्यकर्ताओं को फील्ड में उतरकर कांग्रेस के लिए काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी से लडऩे के लिए कांग्रेस के पास सबसे मजबूत हथियार उसका घोषणापत्र है।
राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस में हो रही लगातार जॉइनिंग प्रदेश के सियासी मिजाज को बयां कर रही है। पिछले डेढ़ साल के भीतर 40 पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री, सांसद, पूर्व सांसद कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। बीजेपी और जेजेपी के प्रति लोगों का मोह भंग हो चुका है। इसलिए हरियाणा में इंडिया गठबंधन सभी 10 लोकसभा सीटें जीतने जा रहा है।
इस अवसर पर निशान सिंह ने भरोसा दिलाया कि वो और उनके कार्यकर्ता अभी से बिना किसी देरी और बिना किसी औपचारिकता के चुनावी संग्राम में उतर जाएंगे। पार्टी नेतृत्व की तरफ से उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, उसे पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ निभाएंगे। कांग्रेस की मजबूती और उसकी सरकार बनना ही अब सभी नेता व कार्यकर्ताओं का लक्ष्य है।