Pal Pal India

फतेहाबाद में नाबालिग की करवाई शादी, गर्भवती होने पर हुआ खुलासा, पांच के खिलाफ एफआईआर​​​​​​​

 
  फतेहाबाद में नाबालिग की करवाई शादी, गर्भवती होने पर हुआ खुलासा, पांच के खिलाफ एफआईआर​​​​​​​
फतेहाबाद, 23 दिसंबर  जिले के रतिया क्षेत्र में एक नाबालिग की शादी का समाचार है। नाबालिग के गर्भवती होने पर विभाग को इसका पता चला। इस मामले में मंगलवार को जिला सरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी रेखा अग्रवाल की शिकायत पर सदर पुलिस ने नाबालिग के पति, सास-ससुर व माता पिता के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में जिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी रेखा अग्रवाल ने बताया कि गांव नागपुर निवासी दलबीर व कविता ने अपनी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी की शादी एक साल पूर्व 20 दिसंबर 2024 को ढाणी दादुपुर निवासी तेलूराम व सुमन के बेटे दिनेश के साथ की थी। शादी के बाद नाबालिग लडक़ी 4 माह की गर्भवती भी हो गई जिसकी दवाई लेने के लिए उसका पति दिनेश आशा वर्कर के कहने पर अपनी पत्नी को साथ लेकर नागपुर पीएचसी में लेकर गया। पीएचसी में कागजात मांगने पर पता चला कि दिनेश की पत्नी अभी नाबालिग है और अभी 18 वर्ष की ना हुई है। पीएचसी नागपुर के अधिकारियों द्वारा मामले की सूचना मिलने के बाद बाल विवाह निषेध अधिकारी रेखा अग्रवाल ने मौके पर जाकर दस्तावेजों की जांच की तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद रेखा अग्रवाल ने मामले की शिकायत सदर पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नाबालिग के पति दिनेश, सास-ससुर तेलूराम व सुमन व गांव नागपुर निवासी माता-पिता दलबीर व कविता के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।