Pal Pal India

फतेहाबाद: थानों में जनता की शिकायतें खुद सुनेंगे अधिकारी

 
 फतेहाबाद: थानों में जनता की शिकायतें खुद सुनेंगे अधिकारी
 फतेहाबाद, 20 सितंबर। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन की अध्यक्षता में शनिवार को पुलिस लाइन स्थित एनजीओ मैस के मीटिंग हॉल में अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। गोष्ठी का उद्देश्य जिला में कानून-व्यवस्था की मजबूती, गंभीर आपराधिक घटनाओं की समीक्षा, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, तथा तकनीक आधारित पुलिसिंग को गति देना रहा। एसपी जैन ने बैठक के दौरान सूदखोरी, क्रिकेट सट्टा एवं अन्य संगठित अपराधों में लिप्त व्यक्तियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने दो टूक कहा कि अवैध सूदखोरी और सट्टेबाजी समाज के लिए कैंसर समान है। इन पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोई भी अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर नहीं रहेगा। थाना प्रभारियों को ऐसे असामाजिक तत्वों की तत्काल पहचान कर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। गोष्ठी में लंबित विवेचनाओं, गिरफ्तारी वारंटों और वर्षों से अटके मामलों की समीक्षा की गई। एसपी ने साफ निर्देश दिए है कि हर विवेचना तय समयसीमा में पूरी हो, इसमें लापरवाही या टालमटोल की कोई गुंजाइश नहीं है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। महिला एवं बाल अपराधों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक थाना में महिला हेल्प डेस्क पूर्ण सक्रिय रहे। फेक न्यूज व अफवाहों के प्रसार पर रोक लगाने के लिए साइबर सेल को पूरी मुस्तैदी से काम करने को कहा गया। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त हिदायत दी कि जनता की शिकायतों को आप स्वयं सुनें और उसी समय समाधान की प्रक्रिया शुरू करें। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत एसपी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक थाना में अधिक से अधिक वृक्षारोपण किया जाए। स्वच्छता अभियान, सामुदायिक सहभागिता, एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाए। त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि रात्रि गश्त नियमित रूप से की जाए।