Pal Pal India

हरियाणा में रंगदारी का आतंक: जनता और जनप्रतिनिधि असुरक्षित

 -प्रदेश में संगठित अपराध का नेटवर्क सक्रिय है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं 
 
 हरियाणा में रंगदारी का आतंक: जनता और जनप्रतिनिधि असुरक्षित
 -प्रदेश में सक्रिय गैंगस्टर और रंगदारी नेटवर्क के विरुद्ध सख्त और निर्णायक अभियान चलाया जाए
 चंडीगढ़, 12 फरवरी। 

सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा ने हरियाणा में लगातार बढ़ती रंगदारी, फिरौती और गैंगस्टर गतिविधियों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है। 

कुमारी सैलजा ने कहा कि रोहतक जिले में पूर्व विधायक बलराज कुंडू से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगकर दो दिन का अल्टीमेटम देना अत्यंत गंभीर विषय है। इसी प्रकार फरीदाबाद के एक उद्योगपति से 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगना और चेतावनी स्वरूप गोलियां भेजना अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सिरसा जिले में भी दो कारोबारियों से पांच-पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की घटनाएं सामने आई हैं, जो इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में संगठित अपराध का नेटवर्क सक्रिय है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। व्यापारी, उद्योगपति, दुकानदार, शिक्षण संस्थान संचालक, अस्पताल प्रबंधन और यहां तक कि जनप्रतिनिधि भी सुरक्षित नहीं हैं।  

कुमारी सैलजा ने प्रदेश की वर्तमान सरकार और मुख्यमंत्री नायब सैनी से सवाल किया कि आखिर कानून व्यवस्था किसके नियंत्रण में है? क्या सरकार किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रही है? क्या प्रशासन तब जागेगा जब खतरा सीएम हाउस तक पहुंचेगा। उन्होंने मांग की कि प्रदेश में सक्रिय गैंगस्टरों और रंगदारी नेटवर्क के विरुद्ध सख्त और निर्णायक अभियान चलाया जाए, पीडि़तों को तत्काल सुरक्षा प्रदान की जाए तथा हालिया घटनाओं में संलिप्त अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोरतम दंड दिलाया जाए। 

कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकार का पहला दायित्व नागरिकों को भयमुक्त वातावरण देना है। यदि आम जनता और जनप्रतिनिधि स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे, तो यह शासन और प्रशासन की गंभीर विफलता है। हरियाणा की जनता जवाब भी चाहती है और सुरक्षा भी