Pal Pal India

लोकतंत्र बचाने के लिए सभी को एकजुट होकर भाजपा को सिखाना होगा सबक: लाल बहादुर खोवाल

 
सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग पर हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट ने जताया आक्रोश
 
 लोकतंत्र बचाने के लिए सभी को एकजुट होकर भाजपा को सिखाना होगा सबक: लाल बहादुर खोवाल
हिसार, 27 मार्च हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट ने भारतीय जनता पार्टी पर सरकारी जांच एजेंसियों के दुरुपयोग पर आरोेप लगाते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। डिपार्टमेंट नेताओं का कहना है कि भाजपा लोकतंत्र का गला घोटने और विपक्ष का दमन करने के लिए हर हद पार कर रही है। हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के अध्यक्ष एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने बुधवार को कहा कि ईडी व सीबीआई जैसी सशक्त एजेंसियों को अपने लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के नेताओं को बदनाम करने और उन पर दबाव बनाने के लिए ईडी व सीबीआई के माध्यम से रेड करवाई जा रही है। इतना ही नहीं नेताओं को झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेजने से भाजपा गुरेज नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा को ऐसी हरकतों के लिए सबक सिखाने के लिए सभी को एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विपक्षी नेताओं के साथ-साथ किसान, मजदूर, गरीब व पिछड़ा वर्ग को भी नहीं बख्शा है। हर वर्ग को किसी न किसी माध्यम से प्रताड़ित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, महंगाई व बेरोजगारी चरम पर है। कानून व्यवस्था का दीवाला निकल चुका है। किसानों पर अत्याचार करने का उदाहरण सभी के सामने है। खोवाल ने कहा कि तानाशाही रवैया अपनाकर भाजपा तीसरी बार लोकसभा चुनाव जीतकर अपना वर्चस्व कायम करना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहे कितने अत्याचार कर ले और कितना ही प्रताड़ित कर ले लेकिन जनता अब जाग चुकी है। भाजपा अपनी पोल खुलने से बौखलाई हुई है।