Pal Pal India

सिरसा के विधायक गोपाल कांडा पर ईडी की रेड

गुरुग्राम में घर-ऑफिस खंगाला; सरकार को बाहर से समर्थन दे रहे कांडा 
 
सिरसा के विधायक गोपाल कांडा पर ईडी की रेड 
सिरसा, 09 अगस्त। हरियाणा के चर्चित एमएलए गोपाल कांडा पर ईडी की रेड हुई है। सुबह 6 बजे ईडी की टीमें उनके गुरुग्राम स्थित घर व एयरलाइंस कंपनी एमडीएलआर ऑफिस पहुंची। जहां कड़ी सुरक्षा में उनके डॉक्यूमेंट खंगाले जा रहे हैं।
गोपाल कांडा हरियाणा लोकहित पार्टी के प्रमुख हैं। वे सिरसा से विधायक हैं। हरियाणा की बीजेपी और जजपा की गठबंधन सरकार को वे बाहर से समर्थन दे रहे हैं। उनके भाई गोविंद कांडा भाजपा में हैं। कुछ दिन पहले ही कांडा एयर होस्टेस सुसाइड केस से बरी हुए हैं।
70 करोड़ के मालिक कांडा, सिरसा में महल
पूर्व गृह राज्यमंत्री व विधायक गोपाल कांडा करोड़पति हैं। 2019 के विस चुनाव में दाखिल शपथ पत्र के मुताबिक कांडा के पास 70 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति है। सिरसा में करीब ढाई एकड़ में उन्होंने अपना महल बनवा रखा है जिसके अंदर हेलिकॉप्टर उतरने की सुविधा उपलब्ध है। इस महल की कीमत करोड़ों में है। गोपाल कांडा के पिता मुरलीधर कांडा की पृष्ठभूमि आरएसएस की थी। सामान्य परिवार में जन्मे गोपाल कांडा ने 10वीं तक पढ़ाई की है।
गोवा में बिग डैडी कैसीनो के मालिक
आज कांडा का गोवा में बिग डैडी नाम से कैसीनो चलता है। उन्हें गोवा का कैसीनो किंग भी कहा जाता है। एक समय कांडा का कैसीनो गोवा में समुद्र के अंदर खड़े रहने वाले शिप पर चलता था। गोपाल कांडा की कंपनी मैसर्स गोल्डन ग्लोब होटल्स प्रा. लि. के शिप में उनका कैसीनो रियो चलता था। यह शिप गोवा की मंडोवी नदी में खड़ा रहता था।
कांडा के करोड़पति बनने का सफर
कांडा के करोड़पति बनने का असली सफर साइबर सिटी गुरुग्राम से वर्ष 2000 के आसपास शुरू हुआ। उस समय राज्य में ओमप्रकाश चौटाला की अगुवाई में इंडियन नेशनल लोकदल की सरकार थी। उस समय कांडा इनेलो सुप्रीमो चौटाला के बेहद करीब थे।
चौटाला सरकार के दौरान कांडा ने सिरसा जिले में तैनात रहे एक आईएएस अफसर से हाथ मिलाया। उसी समय सिरसा में तैनात रहा वह आईएएस अफसर भी गुरुग्राम में हुडा का प्रशासक लग गया। उससे दोस्ती का फायदा उठाते हुए कांडा ने गुरुग्राम में प्लाटों की खरीद-फरोख्त शुरू कर दी। चौटाला सरकार में कांडा के राजनेताओं से अच्छे संबंध बन गए।
यह वो दौर था जब गुरुग्राम तेजी से डेवलप हो रहा था। बड़ी-बड़ी कंपनियां वहां अपने कार्पोरेट दफ्तर खोल रही थी। गोपाल कांडा को इस डेवलपमेंट का जमकर फायदा मिला।
पिता के नाम पर एयरलाइंस 
कुछ बरस पहले तक गोपाल कांडा की सिरसा में रेडियो रिपेयर की छोटी सी दुकान हुआ करती थी। इसके बाद कांडा ने जूते-चप्पल की दुकान खोली। दुकान चल पड़ी तो जूता फैक्ट्री खोल ली। इसके बाद राजनीति में पहचान बनानी शुरू कर दी। कांडा ने रियल एस्टेट का कारोबार भी शुरू कर दिया। गुरुग्राम से करोड़पति बनने के बाद गोपाल कांडा ने 2008 में अपने पिता मुरलीधर लखराम के नाम पर गुडग़ांव से एमडीएलआर एयरलाइंस कंपनी की शुरुआत की। हालांकि, बाद में उन्होंने ये कंपनी बंद कर दी। इस दौरान कांडा की करीब 40 दूसरी कंपनियां चलती रहीं। आज भी वे अकूत धन दौलत के स्वामी माने जाते हैं।