Pal Pal India

मोदी की नीतियों की बदौलत विश्व में बज रहा भारत का डंका: धनखड़

 
मोदी की नीतियों की बदौलत विश्व में बज रहा भारत का डंका: धनखड़​​​​​​​ 
हिसार, 21 मई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा है कि पार्टी के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है। भाजपा ऐसी पार्टी है, जिसका साधारण कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रधानमंत्री पद तक पहुंच सकता है जबकि दूसरे दलों में ऐसा नहीं है। दूसरे दल अपने नाम के आगे राष्ट्रीय तो लिखते हैं लेकिन वहां पर मुख्य कुछ ही लोग होते हैं, कार्यकर्ता नहीं। वे रविवार को गुरू जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में आयोजित हिसार विधानसभा क्षेत्र के पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा पहली ऐसी पार्टी है, जो पन्ना तक पहुंची है। भाजपा के मुकाबले कोई ऐसा दूसरा दल नहीं है जो एक पन्ने के 15 परिवारों, यानि 60 वोटरों को साथ लेकर चल रही हो। उन्होंने कहा कि 1952 में जनसंघ की स्थापना हुई और उस समय हमने केवल संगठन बनाकर काम शुरू किया। वर्ष 1980 में भाजपा बनने के बाद और कई चुनाव लड़ने के बावजूद हमें ज्यादा सांसद नहीं मिले लेकिन हम अपने संगठन के सहारे लगातार आगे बढ़ते गए और वर्ष 2014 में केन्द्र व हरियाणा सहित अनेक राज्यों में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी तो वर्ष 2019 में भी रिपीट हुई। जिन राज्यों में कभी सरकारें नहीं होती थी और केन्द्र में हमारे मात्र दो या चार सांसद जीतते थे, वहां पर बहुमत से सरकार बनना हमारे कार्यकर्ताओं व पन्ना प्रमुखों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता की ताकत बहुत बड़ी है, भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रधानमंत्री के समक्ष भी अपनी बात कह सकता है लेकिन दूसरे दलों में ऐसी बात नहीं है।

कांग्रेस पार्टी व उसकी नीतियों की आलोचना करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि भगवान राम लला को वर्षों तक टैंट व मस्जिद में बैठने के लिए कांग्रेस ने मजबूर किया, राम मंदिर का विरोध कांग्रेस ने किया, मंदिर के खिलाफ कांग्रेस ने 21 वकील खड़े किए, कांग्रेस की वजह से नेताजी सुभाष चन्द्र बोस भारत वापिस नहीं आ सके, इसलिए हम नेताजी की पुण्यतिथि भी नहीं मना सकते, क्योंकि उनके बारे में कुछ पता भी नहीं चलने दिया, धारा 370 का पाप कांग्रेस ने ढोया। आज कांग्रेसी भगवान राम के नाम के विज्ञापन बना रहे हैं लेकिन कांग्रेस पार्टी सार्वजनिक रूप में भगवान राम व उनके मंदिर का विरोध करती रही है, ऐसी कांग्रेस को जनता कभी माफ नहीं करेगी।