Pal Pal India

बिठमड़ा में पेयजल संकट गहराया, महिलाओं ने किया हिसार-टोहाना रोड जाम

 
मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाया तो नहीं मानी महिलाएं
 
  बिठमड़ा में पेयजल संकट गहराया, महिलाओं ने किया हिसार-टोहाना रोड जाम
 
एसडीओ ने दिया कल से सुचारू आपूर्ति का आश्वासन
हिसार, 29 अप्रैल  गर्मी शुरू होते ही ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल का संकट शुरू हो गया है। इसी के चलते उकलाना खंड के बिठमड़ा गांव में महिलाओं ने सोमवार को हिसार-टोहाना रोड पर प्रदर्शन किया और जाम लगा दिया।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बताया कि पिछले काफी दिनों से घरों में पेयजल आपूर्ति नहीं आ रही है। इसी के चलते पानी की समस्या के हल के लिए उन्होंने गांव के बस स्टेंड पर रोष प्रदर्शन किया। महिलाओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सरकार व प्रशासन को जमकर कोसा। पेयजल संकट से परेशान महिलाओं ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से जलघर से आने वाली पेयजल आपूर्ति नियमित रूप से नही मिल रही है।
प्रदर्शन व जाम की सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। प्रदर्शनकारी महिलाओं को पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया गया लेकिन महिलाएं नहीं मानी। महिलाएं पेयजल संकट का समाधान करवाने के लिए जाम लगाने के लिए आई थी। इस दौरान एसडीओ कुलदीप कोहाड़ ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि जल्द ही व्यवस्था सुचारू की जाएगी। इसके बाद महिला प्रदर्शनकारी मान गई।
सूचना पर पहुंचे पेयजल आपूर्ति विभाग उकलाना के एसडीओ कुलदीप कोहाड़ ने महिलाओं की समस्या सुनी और आश्वासन दिया कि एक मई से बिजली आपूर्ति भी आ जाएगी। इसके बाद आपकी समस्या का भी समाधान हो जाएगा। इसके बाद प्रदर्शनकारी महिलाओं ने रास्ता खोल दिया।