डबल इंजन सरकार ने किया किसानों का सम्मान व सशक्तिकरण: नायब सिंह सैनी a
Jan 23, 2026, 20:24 IST

पल पल न्यूज: कुरुक्षेत्र, 23 जनवरी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दीनबंधु चौधरी छोटूराम के संघर्ष के चलते धरती पुत्र किसान का भाग्य बदला और मजदूर की तकदीर भी बदली। कृषि भूमि की रक्षा, किसान की गरिमा और मेहनतकश की इज्जत ही दीनबंधु चौधरी छोटूराम के जीवन के मूल मंत्र थे। इन्हीं मूल मंत्रों को आधार मानकर डबल इंजन सरकार किसानों का सम्मान और सशक्तिकरण कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को कुरुक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला में बसंत पंचमी के पावन पर्व पर आयोजित समारोह में बोल रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, हरियाणा के सामाजिक एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, सांसद सुभाष बराला ने दीनबंधु सर छोटूराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। साथ ही नेता जी सुभाष चंद्र बोस को भी श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला को 31 लाख रुपए तथा सांसद सुभाष बराला ने 21 लाख रुपए की अनुदान राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को बसंत पंचमी और दीनबंधु सर छोटूराम की जयंती पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीनबंधु सर छोटूराम का जीवन भी साहस के साथ संवेदना और संघर्ष के साथ सेवा के समन्वय का अद्भुत उदाहरण है। इस महान व्यक्तित्व ने धरती पुत्र किसान के साथ-साथ मजदूर का भाग्य और तकदीर भी बदली। दीनबंधु सर छोटूराम अपने आप में एक विचार थे, एक आंदोलन थे और एक संकल्प थे। जिन्होंने अपना पूरा जीवन किसानों, श्रमिकों और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। दीनबंधु चौधरी छोटूराम ने उस समय की अन्यायपूर्ण व्यवस्थाओं के विरुद्ध खड़े हुए जब सत्ता और संसाधन कुछ हाथों में सिमट कर रह गए थे। उन्होंने कहा कि जब तक किसान सशक्त नहीं होगा तब तक भारत सशक्त नहीं होगा। इसी सोच के साथ दीनबंधु चौधरी छोटूराम संघर्ष करते रहे। उनके संघर्ष के कारण नीतियों और कानूनों को स्वरूप दिया, ऋण ग्रस्त किसानों को साहूकारों के शोषण से मुक्ति दिलवाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए गए। इस संघर्ष से यह प्रेरणा मिलती है कि कर्तव्य के पथ पर चलना ही सच्चा धर्म है और व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्र के हित को प्राथमिकता देनी चाहिए। उनका संघर्ष किसी वर्ग के विरुद्ध नहीं बल्कि अन्याय के विरुद्ध था, यही कारण है उनका नाम आज भी सम्मान और कृतज्ञता के साथ लिया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दीनबंधु चौधरी छोटूराम के आदर्शों को अपनाते हुए किसानों का सम्मान व सशक्तिकरण के लिए अनेकों योजनाओं को अमलीजामा पहनाने का काम किया। किसानों के हितों को देखते हुए सभी 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर की जा रही है। अब तक 12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के 1 करोड़ 64 हजार रुपए डाले जा चुके हैं। इस सरकार ने पिछले 11 वर्षों में फसल खराबे के मुआवजे के रूप में 15 हजार 448 करोड़ रुपए किसानों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा कृषि भूमि पट्टा विधेयक 2024 पारित करके पट्टेदार किसानों व भूमि मालिकों के बीच विश्वास बहाली का काम किया है। किसानों की खरीद को सुविधाजनक बनाने के लिए मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल शुरू किया। इस मौके पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने नागरिकों को बसंत पंचमी व दीनबंधु चौधरी छोटूराम की जयंती पर बधाई और शुभकामनाएं दी। इस मौके पर सांसद सुभाष बराला ने भी प्रदेशवासियों को बधाई दी। जाट धर्मशाला के प्रधान डा. कृष्ण श्योकंद ने मुख्यमंत्री सहित अन्य मेहमानों का बसंत पंचमी समारोह में पहुंचने पर स्वागत किया। उन्होंने ने विस्तार से संस्था द्वारा करवाए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।

