Pal Pal India

आईटी व इंटरनेट के विकास के बावजूद पुस्तकों का महत्व बरकरार: प्रो. कम्बोज

 
नेहरू पुस्तकालय में आयोजित दो दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी में पहुंचे कुलपति
 
 आईटी व इंटरनेट के विकास के बावजूद पुस्तकों का महत्व बरकरार: प्रो. कम्बोज 
हिसार, 3 फरवरी  हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के 55वें स्थापना दिवस पर नेहरू पुस्तकालय में आयोजित दो दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी में विश्वविद्यालय के अलावा शहरवासियों में भी काफी उत्साह देखने को मिला। सर्द मौसम के चलते दोनों दिन काफी संख्या में शहरवासी विश्वविद्यालय में आयोजित पुस्तक प्रदर्शनी में पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदर्शनी में लगी विभिन्न विषयों की पुस्तकों का लाभ उठाया। पुस्तक प्रदर्शनी में शनिवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज मुख्य अतिथि रहे।
उन्होंने पुस्तक प्रदर्शनी का अवलोकन किया और व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। साथ ही विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों सहित शहरवासियों से मुलाकात की और पुस्तक प्रदर्शनी में लगी पुस्तकों के बारे में उनसे प्रतिक्रिया ली। मुख्य अतिथि प्रो. बीआर कम्बोज ने बताया कि सूचना प्रौद्योगिकी व इंटरनेट के विकास के बावजूद पुस्तकों का महत्व तथा पुस्तक मेलों की चमक बरकरार है। हर साल नई पुस्तकें बाजार में आ रही है। पुस्तक प्रदर्शनी में पुस्तक प्रेमियों को एक छत्त के नीचे विभिन्न प्रकाशकों की पुस्तकों को देखने व खरीदने का सुअवसर प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि पुस्तकें इंसान की सच्ची मित्र होती हैं। इसलिए इनके गहन अध्ययन से न केवल मन को एकाग्रता मिलती है बल्कि व्यक्ति का मानसिक व अध्यात्मिक विकास भी होता है।
उन्होंने कहा कि हकृवि के विद्यार्थी नेहरू पुस्तकालय में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाकर अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों में प्रतिष्ठित पदों पर सेवाएं दे रहे हैं। पुस्तकालय उपयोगिकर्ताओं विशेषकर विद्यार्थी वर्ग को ई-संसाधनों के उपयोग के बारे में जागरूक करना बहुत जरूरी बन गया है। उन्होंने कहा कि आज पुस्तकालय विभिन्न ई-संसाधनों जैसे ई-पुस्तकें, ई-जर्नल, सांख्यिकीय डेटाबेस व ई-लर्निंग टूल इत्यादि की सदस्या ले रहे हैं। नेहरू पुस्तकालय अपने स्वचालन के लिए नवीनतम तकनीक के कार्यान्वयन और अपने उपयोगकर्ताओं को बेहतर और त्वरित सेवाएं प्रदान करने में ट्रेंड सेंटर रही है।