डेरा प्रमुख राम रहीम के स्कूलों-अस्पतालों को राहत:हाईकोर्ट ने बैंक अकांउट चलाने की छूट दी; सजा के बाद से सील थे

डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह को सजा होने के बाद पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश पर डेरा सच्चा सौदा सिरसा के सभी बैंक खाते सील कर दिए गए थे।
टीचर्स-स्टाफ को नहीं मिल रही थी सैलरी
दरअसल डेरे के ही कई शिक्षण संस्थानों ने हाईकोर्ट में चल रहे इस मामले में अर्जी दायर कर कहा था कि डेरे के बैंक खाते सील हो जाने के चलते इन शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों और अन्य स्टाफ सहित अस्पताल के डाक्टरों और अन्य स्टाफ को वेतन नहीं जारी किया जा रहा है।
ऐसे में इन संस्थानों को चलाए जाने में काफी परेशानी आ रही है। डेरे के स्कूलों में कई बच्चे पढ़ रहे हैं अगर समय पर यहां के शिक्षकों और अन्य स्टाफ को वेतन नहीं दिया गया और बिजली पानी के बिल नहीं भरे गए तो इन बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होगा।
पंचकूला हिंसा में सरकार की भूमिका की जांच होगी
2017 में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह को रेप मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद पंचकूला में हुई हिंसा पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट अब यह जांच करेगा कि क्या हरियाणा सरकार हिंसा रोकने में नाकाम रही थी या फिर समर्थकों की भीड़ जुटने में उसकी कोई मिलीभगत थी।
25 अगस्त 2017 को पंचकूला में फैली इस हिंसा में 32 लोगों की मौत हुई थी और 118 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ था। उस समय डेरा प्रमुख के समर्थक कथित तौर पर हथियारबंद होकर पहुंचे थे। चीफ जस्टिस शील नागू, जस्टिस विनोद एस भारद्वाज और जस्टिस विक्रम अग्रवाल की पूर्ण पीठ इस मामले से जुड़ी जनहित याचिकाओं पर सुनवाई कर रही है।

