Pal Pal India

भाजपा सांसद बृजभूषण व मंत्री संदीप सिंह की गिरफ्तारी की मांग

जनवादी महिला समिति ने निकाला रोष मार्च  
 
भाजपा सांसद बृजभूषण व मंत्री संदीप सिंह की गिरफ्तारी की मांग 
सिरसा, 19 मई। जनवादी महिला समिति, फ्रेंड्स कॉलोनी इकाई द्वारा महिला पहलवानों के साथ यौन उत्पीडन करने वाले भाजपा सांसद बृजभूषण शरण व हरियाणा में जूनियर महिला कोच के साथ यौन शोषण करने वाले मंत्री संदीप सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रोष मार्च का आयोजन किया गया। रोष मार्च की अध्यक्षता रुकमणि ने की। 
इस रोष मार्च से पहले हुई सभा को संबोधित करते हुए जिला प्रधान रेखा ने कहा कि यह पूरे देश के लिए बेहद शर्मनाक स्थिति है कि दुनिया में देश का नाम रोशन करने वाले अंतरराष्ट्रीय पहलवानों को न्याय के लिए जंतर मंतर पर दूसरी बार धरना देने को मजबूर होना पड़ा है। एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अभी तक आरोपी भाजपा सांसद बृजभूषण शरण को गिरफ्तार नहीं किया गया, बल्कि महिला पहलवानों को प्रताडि़त किया जा रहा है।  पहलवानों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे दिल्ली विवि के छात्रों को बर्बरतापूर्वक सडक़ों पर घसीटा गया और गिरफ्तार किया गया। मांगों के समर्थन में आ रहे लोगों को भी पुलिस द्वारा भाजपा सरकार के इशारे पर नाजायज ढंग से परेशान किया जा रहा है। 
इस अवसर पर जिला सचिव बलबीर कौर ने कहा कि गैर जमानती धाराओं में केस दर्ज होने के बाद आरोपी सांसद बृजभूषण शरण को गिरफ्तार किया  जाना चाहिए। परन्तु बेटी बचाओ का नारा देने वाली भाजपा सरकार पीडि़तों को नहीं बल्कि यौन शोषण के आरोपियों को संरक्षण दे रही है। हरियाणा में पिछले 4 महीने से यौन हिंसा के आरोपी मंत्री संदीप सिंह को खुला संरक्षण दिया जा रहा है। महिलाओं की पक्षधर होने का दिखावा करने वाली भाजपा सरकार खुलेआम यौन उत्पीडऩ करने वालों के पक्ष में खड़ी दिखाई देती है। 
रोष मार्च में पहलवानों से हाथापाई करने वाले पुलिसकर्मी व अधिकारियों के खिलाफ़ फ़ौरन कार्रवाई हो, आरोपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह व राज्यमंत्री संदीप सिंह को फ़ौरन गिरफ्तार किया जाए, खिलाडी लड़कियों को न्याय दो आदि नारे लगाते हुए महिलाओं व युवाओ ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया।   इस रोष मार्च मे कृष्णा, मनोरमा, नीलम, निर्मला, बिमला, साक्षी, कमला आदि बहुत सी महिलाएं शामिल हुईं।