Pal Pal India

गैस सिलेंडर की समस्या से परेशान उपभोक्ताओं ने लगाया जाम, एजेंसी का किया घेराव

 
  गैस सिलेंडर की समस्या से परेशान उपभोक्ताओं ने लगाया जाम, एजेंसी का किया घेराव
फतेहाबाद, 19 मार्च  गैस सिलेंडर की समस्या से परेशान गैस उपभोक्ताओं का गुस्सा आखिरकार गुरूवार सुबह फूट गया। गैस न मिलने से परेशान रतिया क्षेत्र के लोगों ने सुबह भारत गैस एजेंसी के पास रतिया-फतेहाबाद रोड पर जाम लगा दिया। जाम के कारण फतेहाबाद और रतिया से पंजाब के बुढलाडा जाने वाला रास्ता बंद हो गया। उधर, जाम के कारण दूसरे लोगों को भी आने-जाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि अनेक वाहन चालक अपने रास्ते को डाइवर्ट कर इधर-उधर निकल गए। करीब 50 मिनट बाद मौके पर पहुंचे सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने जाम लगा रहे लोगों को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने जाम खोल दिया लेकिन बाद में गुस्साए लोगों ने गैस एजेंसी का घेराव कर लिया और एजेंसी के मेन गेट पर खड़े हो गए। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार राशवेंद्र और शहर थाना प्रभारी पुष्पा सिहाग ने गैस एजेंसी मैनेजर रामनिवास से बात की तो उन्होंने बताया कि सिलेंडर की गाड़ी चंडीगढ़ से थोड़ी देर बाद चलेगी और गैस उपभोक्ताओं को शुक्रवार सुबह गैस सिलेंडर उपलब्ध हो पाएंगे। सुबह सिलेंडर मिलने की बात पर एक बार गैस उपभोक्ता भडक़ गए और उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी लेकिन अधिकारी के समझाने के बाद लोग शांत हुए। प्रदर्शन कर रहे बूटा सिंह, नक्षत्र सिंह , राजू, सतीश सहित अन्य उपभोक्ताओं ने बताया कि वे पिछले तीन-चार दिनों से लगातार गैस एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन न तो उन्हें सिलेंडर मिल रहा है और हर रोज सुबह सिलेंडर देने की बात कह रहे हैं। इसके चलते हम सुबह 5 बजे ही गैस एजेंसी आए तो गैस एजेंसी बंद थी। इसके बाद 6 बजे एजेंसी के कर्मचारी आए तो उन्होंने गैस न होने की बात कही जिसके चलते लोगों में रोष फैल गया और गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने प्रशासन से इस समस्या के जल्द समाधान की मांग की। उन्होंने अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी भी जाहिर की।