Pal Pal India

कांग्रेस 15 जुलाई से शुरू करेगी ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान

 हरियाणा कांग्रेस ने भाजपा राज्य सरकार के खिलाफ 15 सवालों की चार्जशीट की जारी
 
  कांग्रेस 15 जुलाई से शुरू करेगी ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान
 विधानसभा चुनाव के घोषणा-पत्र के लिए आम लोगों से सलाह लेगी कांग्रेस
चंडीगढ़, 11 जुलाई  हरियाणा में प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ 15 सवालों की चार्जशीट जारी कर प्रदेशभर में ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ नाम से एक नया अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। कांग्रेस 10 वर्षों में हजारों करोड़ रुपये के 50 से अधिक घोटालों का आरोप भाजपा पर लगाए हैं। कांग्रेस भाजपा सरकार के कार्यकाल के लेखा-जोखा को लेकर घर-घर तक पहुंचेगी। न केवल सरकार की विफलताओं को लोगों तक पहुंचाया जाएगा बल्कि विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा-पत्र में शामिल किए जाने वाले मुद्दों पर भी आम लोगों से सलाह ली जाएगी।
गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान, वरिष्ठ नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह, अशोक अरोड़ा, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सतपाल ब्रह्मचारी, वरुण मुलाना और विधानसभा में कांग्रेस के उपनेता आफताब अहमद सहित पार्टी के विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद व प्रकोष्ठों के प्रमुख नेताओं ने गुरुवार को चंडीगढ़ में भाजपा सरकार के खिलाफ चार्जशीट जारी कर अपने अभियान की शुरूआत की।
इस मौके पर हुड्डा ने कहा कि अबतक कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा, विपक्ष आपके समक्ष, घर-घर कांग्रेस, समेत जितने भी कार्यक्रम किए हैं, उन सभी को जनता का जबरदस्त समर्थन हासिल हुआ है। इसी कड़ी में अब ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ एक नई शुरुआत है। इसके जरिए न सिर्फ भाजपा की विफलताओं और कांग्रेस की घोषणाओं को जनता तक पहुंचाना है, बल्कि पार्टी के मेनिफेस्टो के लिए जनता से सुझावों को भी एकत्र करना है। अभियान को अमलीजामा पहनाने का रोडमैप तैयार करने के लिए 14 जुलाई को सोनीपत में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है।
15 जुलाई से ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान विधिवत होगा शुरू
इस माैके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने चार्जशीट साझा करते हुए बताया कि इसमें कांग्रेस ने भाजपा से अलग-अलग मुद्दों पर 15 सवाल पूछे हैं। इन सवालों से साथ पार्टी ने वो तथ्य भी जोड़े हैं, जिनके आधार पर इस सरकार पर ये सवाल उठ रहे हैं। इस मौके पर वरिष्ठ नेता चौ. बीरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा हरियाणा को राजनीतिक और सामाजिक तौर पर बिलकुल नहीं समझ सकी। उसने हमेशा धर्मांधता और जातपांत की राजनीति को अंजाम दिया। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के वोटों में 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई और सभी 90 विधानसभाओं में कांग्रेस के वोट बढ़े हैं। वहीं भाजपा के वोट हरेक लोकसभा व विधानसभा क्षेत्र में घटे हैं। अंबाला से सांसद वरुण चौधरी ने कहा कि पूरे कार्यकाल में भाजपा ने कभी जनता की आवाज नहीं सुनी, उसने प्रत्येक आवाज को लाठी और गोली के दम पर दबाने का काम किया। सोनीपत से सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि जनता भाजपा की नीतियों और रवैये से त्रस्त है। इसबार हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनना तय है।