रथ यात्रा के बहाने भाजपा सरकार को घेरनू की तैयारी में कांग्रेस

गत वर्ष विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा द्वारा घोषित 24 सूत्री घोषणाओं को लागू करवाने के लिए सोनीपत से चंडीगढ़ तक कांग्रेसियों का मार्च।
जिसमें सोनीपत कांग्रेस के कई जिला पार्षदों सहित प्रदेश कांग्रेस के कई पदाधिकारी भी शामिल।
14 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आवास पर चंडीगढ़ में सैकड़ो की संख्या में पहुंचकर करेंगे प्रदर्शन।
भाजपा नेताओं की तानाशाही और निरंतर हावी हो रही अफसर शाही के विरोध में प्रदेश कांग्रेस ने अपने तेवर तल्ख कर लिए हैं। जिसके तहत सोनीपत से चंडीगढ़ तक जनता को जागरूक करने और भाजपा द्वारा चुनावों से ठीक पहले घोषित, घोषणा- पत्र की सभी 24 घोषणाओं को लागू करवाने के लिए एक रथ यात्रा निकाली जा रही है। जिसमें दर्जनों लोग शामिल हैं और सैकड़ो लोग 14 अगस्त को सीधे चंडीगढ़ पहुंचकर मुख्यमंत्री आवास पर हरियाणा में निरंतर बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में रोष प्रकट करेंगे।
उपरोक्त जानकारी रथ यात्रा का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस के जुझारू नेता एवं जिला पार्षद संजय बड़वासनिया ने एक पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि इस यात्रा को रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा और सोनीपत के सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने झंडी दिखाकर रवाना किया है। इस दौरान उनके साथ कई जिला पार्षद तथा प्रदेश कांग्रेस के कई बड़े पदाधिकारी व विधानसभा चुनाव लड़ चुके कई दिग्गज भी शामिल हैं।
संजय बड़वासनिया के अनुसार हमने भाजपा सरकार को लगभग 9 -10 महीने का समय कार्य करने के लिए दिया। लेकिन इस बीच प्रदेश की भाजपा सरकार ने ना तो अपने घोषणा पत्र में घोषित की गई 24 सूत्री मांगों को पूरा किया और न ही प्रदेश के युवाओं व महिलाओं के लिए कोई हितकर कार्य किया। जिसमें प्रदेश के 2 लाख युवाओं को नौकरी और हर महिला को ₹2100 प्रतिमाह देने की घोषणा की गई थी।
अब प्रदेश सरकार को आईना दिखाने का समय आ गया है। हर जिले में निरंतर अपराध बढ़ रहे हैं। खुलेआम फायरिंग और लूटपाट के साथ-साथ किडनैपिंग भी आम बात हो गई है।
कुल मिलाकर कानून- व्यवस्था बेकाबू होती जा रही है और अफसर शाही बेलगाम है। अब समय आ गया है कि प्रदेश की जनता सड़कों पर उतरे और चुनाव से ठीक पहले किए गए सभी वादों को पूरा करने के लिए भाजपा सरकार को मजबूर करें।
श्री बड़वासनिया ने कहा कि अब कांग्रेस पार्टी चुप बैठने वाली नहीं है और प्रदेश में एक मजबूत और सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाने के लिए तैयार है, जिससे आम आदमी को अपनी बात कहने का मौका मिले और सरकार को जनहित के कार्य करने के लिए मजबूर किया जा सके।
इस अवसर पर उनके साथ महावीर मलिक प्रदेश अध्यक्ष (रिटायर्ड कर्मचारी प्रकोष्ठ) तथा प्रदेश उपाध्यक्ष, ऋतुराज, रवि इंदौरा जिला पार्षद, विजय मोर जिला पार्षद, तथा पार्षद प्रतिनिधि यशपाल बजाना भी शामिल रहे।

