Pal Pal India

कांग्रेस करती झूठी घोषणाएं, भाजपा संकल्प के साथ करती है विकास: नायब सैनी

 
 कांग्रेस करती झूठी घोषणाएं, भाजपा संकल्प के साथ करती है विकास: नायब सैनी
करनाल, 2 मई  मुख्यमंत्री नायब सैनी गुरुवार सुबह सूर्य मंदिर के 22वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने करनाल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने भगवान सूर्य की पूजा अर्चना कर मानवता के कल्याण की कामना की। छठ पर्व सेवा समिति मंडल के प्रधान सुरेश कुमार यादव व अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने मुख्यमंत्री को फूलमालाओं से स्वागत किया और स्मृति चिह्न के रूप में भगवान सूर्य का स्वरूप भेंट किया। मुख्यमंत्री ने सेवा समिति मंडल की मांगों को चुनावों के बाद पूरा कराने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंडल की धर्मशाला में लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनवाई। उन्होंने कांग्रेस को भी जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ घोषणा पत्र जारी किए हैं, किसी भी घोषणा को पूरा नहीं किया। कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार का बोलबाला था, जिस कारण लोगों को प्रताड़ना झेलनी पड़ती थी। सैनी ने कहा कि 10 सालों में प्रधानमंत्री मोदी ने जो वादे किए उन्हें संकल्प के साथ पूरा किया है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि देश और प्रदेश को विकसित बनाने के लिए एक बार फिर मोदी सरकार को चुनें।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन करने का काम किया है। लोगों को ऑनलाइन तरीके से योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार का प्रयास रहा है कि केंद्र और प्रदेश की योजनाओं का लाभ आखिरी छोर पर बैठे व्यक्ति तक मिले। सीएम सैनी ने कहा कि पिछले 10 वर्षो से जिस तरह से देश और प्रदेश का विकास हो रहा है वह जारी रहेगा और भाजपा सरकार में विकास की गति नहीं रूकेगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह मनोहर लाल ने मुख्यमंत्री रहते हुए प्रदेश की सेवा की अब सांसद बनकर भी वह जनता की सेवा करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सबसे बड़ी पंचायत लोकसभा के चुनाव का दौर चल रहा है। हरियाणा में 25 मई को मतदान होगा। उन्होंने कहा कि 25 मई को दो मशीनों में कमल के फूल का बटन दबाकर एक कमल को लोकसभा में दिल्ली भेजना है और दूसरे कमल को चंडीगढ़ भेजना है।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा, पूर्व मीडिया कॉरडीनेटर मुख्यमंत्री हरियाणा जगमोहन आनंद, पूर्व मेयर नगर निगम रेणू बाला, अमरेंद्र सिंह, पूर्व पार्षद भगवान दास अघी, जिला मीडिया प्रमुख डा. अशोक कुमार, मंडल अध्यक्ष अमर ठक्कर, एडवोकेट विजय पाल सहित अन्य भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।