Pal Pal India

देश को हिंदू और मुसलमान में बांटने की राजनीति कर रही कांग्रेस पार्टी: राजनाथ सिंह

 -प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अगले दस सालों में देश से गरीबी पूरी तरह से हो जाएगी खत्म, भारत दुनिया की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था वाला बना देश
 
   देश को हिंदू और मुसलमान में बांटने की राजनीति कर रही कांग्रेस पार्टी: राजनाथ सिंह
रोहतक, 3 मई  केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश को हिंदू और मुस्लमान में बांटना चाहती है। साथ ही जनता की कमाई पर भी डाका डालना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश में ऐसा कानून लाना चाहती है कि व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसकी संपत्ति का 55 प्रतिशत हिस्सा सरकार के पास चला जाए और 45 प्रतिशत परिवार के पास रहे। कांग्रेस को यह आइडिया कांग्रेस के ही एक नेता सैम पित्रोदा ने दिया है,जो खुद इंडियन कांग्रेस के नाम से संगठन चलाते हैं। वे शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशी डॉ. अरविंद शर्मा के नामांकन पत्र दाखिल करवाने से पूर्व पुरानी आईटीआई मैदान में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित अन्य भाजपा के वरिष्ठ नेतागण भी मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सारी कोशिशें बेकार हो जाएगी, क्योंकि देश की जनता को दुनिया की कोई ताकत बहका नहीं सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस धर्म के आधार पर आरक्षण की बात कह रही है, जबकि जबकि भारत के संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठ की राजनीति कर रही है, लेकिन भाजपा विकास और इंसाफ की राजनीति को प्राथमिकता देती रही है और आगे भी देती रहेगी। साथ ही केन्द्र रक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस किस प्रकार की राजनीति करती है इसका उदाहरण इस बात से लिया जा सकता है कि पाकिस्तान के एक पूर्व मंत्री ने पुलवामा में आतंकवादी हमले के बाद कहा था कि यह आतंकवादी हमला पाकिस्तान ने करवाया था और पाकिस्तान के मंत्री कांग्रेस के राहुल गांधी की खुलकर तारीफ करते हैं।
इस चुनाव के बाद कांग्रेस निपट जाएगी
केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि चुनाव का समय चल रहा है और यह चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से निपट जाएगा और इसके साथ ही कांग्रेस भी निपट जाएगी। सूरत में भाजपा उम्मीदवार के निर्विरोध चुने जाने पर कांग्रेस द्वारा इसे लोकतंत्र की हत्या कहे जाने का जवाब भी देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि देश में आजादी के बाद से अब तक 30 कांग्रेस उम्मीदवार लोकसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। भाजपा के उम्मीदवार पहली बार निर्विरोध चुने गए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर सवाल दागा कि क्या जब कांग्रेस के उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए तब लोकतंत्र की हत्या नहीं हुई थी। राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ते रहे है और हारने के बाद पिछला चुनाव उन्होंने केरल में वायनाड से लड़ा था।