Pal Pal India

कांग्रेस ने देश के साथ अन्याय किया: नायब सिंह सैनी

 -पूरे विश्व में भारत का डंका बज रहा है-मुख्यमंत्री
 
   कांग्रेस ने देश के साथ अन्याय किया: नायब सिंह सैनी
 
अबकी बार 400 से ज्यादा सीटे जीत कर भाजपा मजबूत सरकार बनाएगी
यमुनानगर, 13 अप्रैल  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अम्बाला लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत सढौरा अनाज मंडी में आयोजित विजय संकल्प रैली में कांग्रेस पर जमकर बरसे। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि भारत में 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को निशुल्क राशन वितरण कर मोदी सरकार ने जरूरतमंद लोगों की सहायता करने का सराहनीय निर्णय लिया है। वे शनिवार को जिला यमुनानगर की सढौरा अनाज मंडी में अम्बाला लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया के पक्ष में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने देश और देश के लोगों के साथ अन्याय किया है। कांग्रेस ने जवानों, महिलाओं, किसानों के साथ भी अन्याय किया है। जवानों, किसानों और महिलाओं को मान-सम्मान और न्याय देने का काम 10 सालों में मोदी सरकार ने किया है। सढौरा अनाज मंडी में लोगों से अपील करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि आगामी 25 मई को कमल का बटन दबाकर बंतो कटारिया को ऐतिहासिक वोट से जिताकर संसद में भेंजे। हरियाणा सरकार कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कांग्रेस के मैनीफेस्टों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब ना तो हमारे जवानों पर पत्थरबाजी होती है और ना ही कहीं आतंकवादी दिखाई देते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया के अंदर देश का नाम ऊँचा किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरे विश्व में भारत का डंका बज रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के समय गरीबी हटाओ का नारा दिया और अपनी ही गरीबी हटाई। गरीब लोगों को आयुष्मान कार्ड के जरिए 5 लाख रुपये तक का फ्री इलाज का अधिकार मोदी सरकार ने दिया। अम्बाला लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया ने कहा कि ने कहा कि न्याय की बात करने वाली कांग्रेस ने महिलाओं के बारे में कभी नही सोचा। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मजबूत किया है। मोदी की कल्याणकारी नीतियों का परिणाम है कि 25 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी की रेखा से बाहर निकाला। इस दौरान लोकसभा संयोजक डाक्टर पवन सैनी,भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा सहित सैंकड़ों भाजपा कार्यकर्ता साथ रहे।