Pal Pal India

विज की बीजेपी से नाराजगी को कांग्रेस फिर भुनाने में जुटी

 
 विज की बीजेपी से नाराजगी को कांग्रेस फिर भुनाने में जुटी
 अंबाला, 11 अप्रैल। हरियाणा के पूर्व गृहमंत्री अनिल विज की बीजेपी से नाराजगी को कांग्रेस फिर भुनाने में जुटी है। हरियाणा कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल पर पूर्व कैबिनेट मंत्री को टैग करते हुए लिखा है कि विज साहब, 6 बार के विधायक और पूर्व गृहमंत्री के नाते आपकी हैसियत बहुत बड़ी है, लेकिन अगर आपकी पार्टी कुछ न समझे तो क्या कहें। हरियाणा की जनता कह रही है कि भाजपा में इतने कद्दावर नेता की ये दुर्गति है तो आम कार्यकर्ता की क्या पूछ होगी? कांग्रेस लगातार यह मैसेज देने की कोशिश करेगी कि गुटबाजी कांग्रेस में नहीं भाजपा में है। यही वजह है कि अनिल विज को नए मंत्रिमंडल से रणनीति के तहत साइड लाइन कर दिया गया है। इससे पहले लिखा था कि वो इतना रूठे कि सनम ने मनाना ही छोड दिया। पूर्व गृह मंत्री अनिल विज के साथ उनकी पार्टी का ये रवैया आखिर क्यों है? बता दें कि पूर्व मंत्री अनिल विज भी पूर्व सीएम मनोहर लाल को टारगेट करते हुए कई अपनी मन की बात कह चुके हैं। विज ने कहा कि था भाजपा-जजपा का गठबंधन टूटने और नायब की सरकार बनाने के दौरान उनकी अनदेखी की गई। हालांकि, विज भले ही अपने ही नेताओं को टारगेट कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस द्वारा पहले की गई बयानबाजी पर भी पलटवार किया था। हरियाणा में इस समय लोकसभा चुनाव के कारण माहौल गर्म है। भाजपा कांग्रेस से हर मायने में आगे चल रही है। चाहे प्रत्याशियों की घोषणा हो या चुनाव प्रचार, दोनों में वह कांग्रेस से आगे है। ऐसे में अब कांग्रेस भाजपा के भीतर चल रही चीजों पर सीधे टारगेट कर रही है।