Pal Pal India

खिलाडिय़ों के लिए ग्रुप सी भर्ती में बदलाव निंदनीय: केडिया

नए नियम से खिलाडिय़ों और युवाओं में निराशा के भाव 
 
खिलाडिय़ों के लिए ग्रुप सी भर्ती में बदलाव निंदनीय: केडिया 
सिरसा, 02 सितंबर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के डेलीगेट नवीन केडिया ने राज्य के खिलाडिय़ों के लिए ग्रुप सी भर्ती पॉलिसी में बदलाव को निंदनीय बताया है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा खिलाडिय़ों के लिए ग्रुप-सी भर्ती पॉलिसी में फिर बड़ा बदलाव किया गया है। इस बदलाव के तहत आयोग एक साल में जितनी भर्ती करेगा उसके 3 फीसदी खिलाडिय़ों की भर्ती की जाएगी। चूंकि आयोग द्वारा भर्तियां की नहीं जा रही, ऐसे में खिलाडिय़ों को नौकरियों से वंचित होना पड़ेगा। 
इससे पहले एक साल में जितने पद आयोग द्वारा विज्ञापित किए जाते थे, उनमें 3 प्रतिशत के बराबर पद खिलाडिय़ों के लिए आरक्षित किए जाते थे। सरकार के इस बदलाव से राज्य के खिलाडिय़ों में काफी निराशा का माहौल देखा जा रहा है।
यहां जारी बयान में नवीन केडिया ने कहा कि सरकार के इस बदलाव से यदि हरियाणा स्टाफ सलेक्शन कमीशन साल में एक बार भी नियुक्ति नहीं करता तो एक भी खिलाड़ी भर्ती नहीं होगा। उदाहरण के तौर पर यदि साल में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग 36 हजार पद विज्ञापित करता है तो 1200 खिलाड़ी भर्ती होते। एक सितंबर को जारी पॉलिसी में कहा गया है कि खिलाडिय़ों में 3 फीसदी कोटा बनाया गया है।
इस पॉलिसी से पहले जितने भी पदों पर आयोग भर्ती करता था, उनमें खेल आरक्षण के तहत योग्य खिलाडिय़ों को चयन का मौका मिल जाता था। खिलाड़ी यदि संबंधित पात्रता रखता है तो भी किसी विभाग में आरक्षण के तहत चयनित हो सकता था। लेकिन अब यह आरक्षण समाप्त हो चुका है, अब केवल सात विभागों में ही खिलाडिय़ों का चयन हो सकेगा।
केडिया ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से खिलाडिय़ों में भारी निराशा है। जो खिलाड़ी खेल कोटे से सरकारी नौकरी पाने के लिए दिन रात मेहनत कर रहे थे और पसीना बहा रहे थे, उनके लिए यह निर्णय बेहद परेशान करने वाला है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस तरह युवाओं को गफलत में डालने की बजाय उनके लिए अच्छी नीतियों का निर्माण करे ताकि युवा वर्ग में निराशा के भाव पैदा न हों।