Pal Pal India

चंडीगढ़ में प्रापर्टी डीलर की हत्यारोपी कैथल में मुठभेड़ के बाद काबू

 
 चंडीगढ़ में प्रापर्टी डीलर की हत्यारोपी कैथल में मुठभेड़ के बाद काबू
 कैथल, 19 मार्च  कैथल के गांव चौशाला में गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (पंजाब) की टीम ने यहां छिपे हत्या के दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया। आरोपी बुधवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में प्रॉपर्टी डीलर चमनप्रीत उर्फ चीनी की हत्या के बाद यहां आ गए थे। जानकारी के अनुसार, पंजाब के फिरोजपुर निवासी राजन उर्फ पीयूष पहलवान और नवांशहर निवासी प्रीतम शाह चौशाला गांव के एक घर में छिपे हुए थे।
एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स को इनके ठिकाने की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद एसपी विक्रमजीत बराड़ के नेतृत्व में टीम ने गांव में दबिश दी। बताया जा रहा है कि जब पुलिस टीम ने घर के बाहर बनी बैठक में आराम कर रहे आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, तो उन्होंने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें राजन की टांग में तीन और प्रीतम शाह की टांग में दो गोलियां लगीं।
दोनों घायलों को तुरंत कलायत के उप मंडल नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब एक घंटे तक ऑपरेशन थियेटर में उनका इलाज चला।
सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा और एसटीएफ करनाल के जवान भी मुस्तैद रहे। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को कैथल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही कलायत डीएसपी ललित यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक और हथियार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी राजन उर्फ पीयूष पहलवान कुछ समय पहले मलेशिया से नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत लौटा था। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एजीटीएफ पंजाब के एसपी विक्रमजीत बराड़ ने बताया कि कैथल के गांव चौशाला में हुआ एनकाउंटर कल चंडीगढ़ में हुए मर्डर के मामले में हुआ है। दोनों आरोपी चंडीगढ़ में हुए मर्डर में वांछित थे। क्रॉस फायरिंग हुई जिसमें आरोपियों कि तरफ से गोली चलाई गई है। दोनों आरोपियों के पास से असला बरामद हुआ है। इस ऑपरेशन में हरियाणा पुलिस का एक जवान बाल-बाल बच गया। आरोपियों को पूछताछ के लिए चंडीगढ़ ले जाया जाएगा।