Pal Pal India

दबंगई किसी की नहीं चलेगी, कर देंगे इलाज: मुख्यमंत्री सैनी​​​​​​​

 

नायब सिंह सैनी ने लोगों से की डॉ. अरविन्द शर्मा को जिताने की अपील
 
  दबंगई किसी की नहीं चलेगी, कर देंगे इलाज: मुख्यमंत्री सैनी​​​​​​​
झज्जर, 21 अप्रैल  मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कमजोर लोगों व व्यापारियों पर दबंगई करने वालों को बाज आने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसी की दबंगई नहीं चलने देगी। किसी ने दबंगई की तो उसको बुरे परिणाम भी भुगतने को तैयार रहना होगा।
मुख्यमंत्री सैनी रविवार को बहादुरगढ़ में रोहतक लोकसभा क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार डॉ.अरविन्द शर्मा के समर्थन में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि कांग्रेस के राज में मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा से मिलना आम आदमी के लिए असंभव था, लेकिन अब आम जनता के कार्यों के लिए मुख्यमन्त्री नायब सिंह के घर और दफ्तर के दरवाजे चौबीसों घंटे खुले हैं। किसान हितों को लेकर भूपेंद्र हुड्डा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वे फसलों में नुकसान के मुआवजे के तौक पर किसानों को दो-दो रुपये के चेक देते थे, लेकिन अब भाजपा सरकार सम्मानजनक राशि देती है। कांग्रेस ने किसानों, मजदूरों व अन्य सभी वर्गों को गुमराह करके वोट हथियाए।
मुख्यमंत्री ने बहादुरगढ़ व झज्जर समेत पूरे रोहतक लोकसभा क्षेत्र और संपूर्ण हरियाणा व भारत देश के हित के लिए डॉ. अरविंद शर्मा सहित देश में सभी सीटों पर भाजपा की जीत को बेहद जरूरी बताया। कहा कि भाजपा सरकार ने हर वर्ग की मजबूती के लिए काम किया है। 400 से ज्यादा सीटें जीतकर मोदी देश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाएंगे। डॉ. अरविन्द शर्मा ने लोगों से नरेंद्र मोदी को फिर प्रधानमंत्री बनाने के लिए कमल के फूल के चुनाव निशान वाला बटन दबाने की अपील की।
इस मौके पर पार्टी सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की किसान सम्मान निधि देश के किसानों को कर्ज माफी से भी अधिक लाभ पहुंचा रही है। मुफ्त राशन योजना व आयुष्मान योजना भी कल्याणकारी योजनाएं हैं। उन्होंने सभी सीटों पर भाजपा को जिताने की अपील की। पूर्व विधायक नरेश कौशिक ने डॉ. अरविन्द शर्मा व मुख्यमंत्री सैनी को आश्वस्त किया कि बहादुरगढ़ से डॉ. शर्मा को कांग्रे्रेस उम्मीदवार दीपेंद्र हुड्डा के मुकाबले कम से कम 20 हजार वोटों से जिताएंगे। सभा को रोहतक लोकसभा क्षेत्र प्रभारी राजीव जैन व जिला प्रधान राजपाल शर्मा ने भी संबोधित किया। सभा का संचालन दिनेश शेखावत ने किया।