Pal Pal India

सेवा साधना केंद्र में भाजपा का शक्ति केंद्र प्रमुख संगम आज

राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा सहित शिखर नेता करेंगे संबोधित 
 
सेवा साधना केंद्र में भाजपा का शक्ति केंद्र प्रमुख संगम आज 

करनाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के अलावा राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश रविवार को पानीपत के समालखा में आयोजित होने जा रहे शक्ति केंद्र  प्रमुखों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने आज ऑडियो कांफ्रेंस के माध्यम से इस सम्मेलन में आमंत्रित शक्ति केंद्र  प्रमुखों, मंडल अध्यक्षों, मंडल पालको और प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों को संबोधित करते हुए उन्हें पूरी तन्मयता के साथ इस आयोजन में  हिस्सा लेने के लिए कहा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और  हरियाणा ग्रंथ अकादमी के उपाध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने यहाँ जारी एक विज्ञप्ति में बताया कि पार्टी का यह भव्य संगठनात्मक आयोजन एक सम्मेलन और कार्यशाला के रूप में समालखा के पट्टी कल्याणा में स्थित सेवा साधना एवं ग्राम विकास केंद्र में आयोजित हो रहा है।
दिन भर चलने वाले इस सम्मेलन में राज्य के पानीपत, करनाल, यमुनानगर,पंचकूला और अंबाला  सहित 14 जिलों के पार्टी कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।डॉ. चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इन दिनों प्रदेश भर में पन्ना प्रमुख नियुक्त करने की प्रक्रिया के आखिरी  सोपान पर है।  इस क्रम में प्रदेश भर में पन्ना प्रमुख सम्मेलनों का आयोजन भी प्रस्तावित है।प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ओमप्रकाश धनखड़ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के  5  लाख घरों पर पार्टी का झंडा फहराने का लक्ष्य रखा है।


शक्ति केंद्र प्रमुख संगम व कार्यशाला पन्ना प्रमुख व्यवस्था को शत प्रतिशत प्रमाणिकता के साथ स्थापित करने और पार्टी के स्थापना दिवस पर हरियाणा को भाजपा   के कमल निशान वाले  झंडों से कमलमय करने की पार्टी की तैयारी के दृष्टिगत आयोजित किया जा रहा है।सम्मेलन में आखिरी उद्बोधन राष्ट्रीय अध्यक्ष का होगा जबकि उनसे पहले राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी व सांसद विप्लव  देव और प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ संगठनात्मक कार्य की बारीकियों से कार्यकर्ताओं को अवगत कराएंगे।