Pal Pal India

मोदी की रेवाड़ी रैली को ऐतिहासिक बनाने में जुटी भाजपा, एक लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचने की उम्मीद

 
16 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी जिला रेवाड़ी में रखेंगे एम्स की आधारशिला
 
  मोदी की रेवाड़ी रैली को ऐतिहासिक बनाने में जुटी भाजपा, एक लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचने की उम्मीद
गुरुग्राम, 11 फरवरी  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 फरवरी को रेवाड़ी में एम्स की आधारशिला रखने पहुंच रहे हैं। हरियाणा भाजपा एम्स उद्घाटन अवसर पर रैली का आयोजन भी करेगी। इसी मुद्दे को लेकर रविवार को पार्टी कार्यालय गुरुकमल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने रेवाड़ी, नूंह, महेंद्रगढ़ और गुरुग्राम जिलों के भाजपा पदाधिकारियों की बैठक बुलाई। भाजपा का लक्ष्य मोदी की रैली को ऐतिहासिक बनाना है। भाजपा का दावा है कि रैली में एक लाख से भी ज्यादा लोग पहुंचेंगें।
भाजपा प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हरियाणा को एम्स का एक और तोहफा देने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के इस रेवाड़ी दौरे को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि निश्चित ही यह रैली अभूतपूर्व एवं एतिहासिक होगी। बैठक में डा. सुधा यादव, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री मोहन लाल, प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष यादव, पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा, पूर्व मंत्री राव नरवीर सिंह, विधायक सत्य प्रकाश जरावता, प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी सहित चारों जिलों के अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों ने भी अपनी बात रखी। सभी ने उपस्थित पदाधिकारियों ने उत्साह से इस रैली को एतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
नायब सैनी ने कहा कि देश और दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री मोदी हमारे बीच आ रहे हैं, ये हम सबके लिए गौरवशाली बात है। उन्होंने कहा कि चार जिलों की 14 विधानसभा से एक लाख से अधिक लोग रैली पहुंचेंगे, जबकि प्रदेश की अन्य विधानसभाओं में एलईडी लगाकर इस रैली को देखेंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन सुनेंगे।
उन्होंने कहा कि लोगों में इतना उत्साह है कि आने वाले चुनाव में जनता फिर से हरियाणा की दसों लोकसभा सीटें जिताकर नरेन्द्र मोदी जी को देगी। हरियाणा में युवाओं को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बिना पर्ची खर्ची के नौकरी दी है। इसलिए देश और प्रदेश में फिर से डबल इंजन सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि 16 फरवरी 2024 की यह रेवाड़ी रैली 2013 की रेवाड़ी रैली से अधिक सफल होगी। डा. सुधा यादव ने भी बैठक में सभी कार्यकर्ताओं की इस रैली की सफलता में सहभागिता की बात कही।