Pal Pal India

अमित शाह का ऐलान- हरियाणा में नायब सैनी के चेहरे पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी भाजपा

 गृहमंत्री बोले, भाजपा को किसी भी बैसाखियों की जरूरत नहीं
 
  अमित शाह का ऐलान- हरियाणा में नायब सैनी के चेहरे पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी भाजपा
चंडीगढ़, 29 जून  हरियाणा में तीन माह बाद होने वाले विधानसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी मुख्यमंत्री नायब सैनी के चेहरे पर ही लड़ेगी। अमित शाह के इस ऐलान के बाद हरियाणा में विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी के चेहरे को लेकर चल रही अटकलें भी समाप्त हो गई।
गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को पंचकूला में आयोजित विस्तारित प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में यह ऐलान किया। भाजपा में चुनाव के दौरान पार्टी के चेहरे को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए गृहमंत्री ने कहा कि हरियाणा भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी और नायब सैनी दूसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे। अगला चुनाव नायब सैनी के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।
गृहमंत्री ने कार्यकर्ताओं व नेताओं से रूबरू होते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में हमने हरियाणा के अंदर परिवर्तन लाने का काम किया है और राजनीति के मायनों को बदला है। पहले एक सरकार आई थी तो भ्रष्टाचार बढ़ता था, दूसरी सरकार आती थी तो दबंगों का राज बढ़ जाता था। हमारी सरकार ने विकास करने का काम किया है। अमित शाह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अपने मन से संशय निकाल दीजिए कि हम किसी के साथ जाएंगे। भाजपा को हरियाणा में किसी की बैसाखियों की जरूरत नहीं है।